Lalu Prasad Yadav security: राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को एक बार फिर Z कैटेगरी की सुरक्षा दे दी गई है. बिहार सरकार ने शुक्रवार शाम इसका नोटिफिकेशन जारी किया. इसके साथ ही दोनों को बुलेटप्रूफ गाड़ी भी उपलब्ध कराई जाएगी. सुरक्षा बहाल होने के बाद लालू यादव ने कहा कि सरकार बैकफुट पर आ गई है.
पहले सुरक्षा घटने पर नाराजगी
करीब एक महीने पहले बिहार सरकार ने वीवीआईपी सुरक्षा की समीक्षा की थी. उस समय लालू और राबड़ी की सुरक्षा श्रेणी घटा दी गई थी. इस फैसले पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया था. नाराज होकर दोनों नेताओं ने सरकारी सुरक्षा वापस कर दी थी. राबड़ी देवी ने अपने आवास पर तैनात सभी जवानों को हटा दिया था.
परिवार ने लौटाई थी सुरक्षा
सिर्फ लालू और राबड़ी ही नहीं, बल्कि उनकी बेटी सांसद मीसा भारती और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपने सुरक्षा कर्मियों को वापस कर दिया था. राजद ने आरोप लगाया था कि विपक्षी नेताओं को राजनीतिक कारणों से निशाना बनाकर उनकी सुरक्षा कम की गई है.
आवास विवाद भी जुड़ा मामला
इस विवाद के बीच राबड़ी आवास खाली कराने का नोटिस भी सरकार ने जारी किया था. उस दौरान लालू और राबड़ी की Z+ सुरक्षा हटाकर बिहार पुलिस की विशेष सुरक्षा दी गई थी. उन्हें एस्कॉर्ट, बुलेटप्रूफ कार और 8 से 16 सुरक्षाकर्मी दिए गए थे. तेज प्रताप यादव की Y कैटेगरी सुरक्षा भी खत्म कर दी गई थी.
नोटिस और अल्टीमेटम
29 मई को राबड़ी आवास खाली करने का आदेश दिया गया था, लेकिन परिवार ने बंगला खाली नहीं किया. इसके बाद सरकार ने 15 दिन का अल्टीमेटम दिया. अब तेजस्वी यादव नए सरकारी आवास में शिफ्ट हो चुके हैं, जबकि लालू और राबड़ी अपने निजी घर कौटिल्य नगर में रह रहे हैं.
Z कैटेगरी सुरक्षा में क्या होता है?
Z कैटेगरी सुरक्षा में लगभग 22 सुरक्षाकर्मी तैनात रहते हैं. इसमें हथियारबंद गार्ड, 24 घंटे ड्यूटी पर रहने वाले PSO, 3 से 5 गाड़ियों का काफिला और एक बुलेटप्रूफ गाड़ी शामिल होती है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


