Rohini Acharya Target Tejashwi Yadav: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में मची रार थमने का नाम नहीं ले रही है. बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से शुरू हुआ पारिवारिक कलह अब खुलकर सोशल मीडिया पर आ गया है. लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर बिना नाम लिए अपने भाई तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला है. रोहिणी ने सोशल मीडिया पर अपने दर्द का इजहार करते हुए लिखा है कि अहंकार और ‘नए अपनों’ के बहकावे में आकर पूरी विरासत को मिट्टी में मिलाया जा रहा है.
‘विरासत को मिटाने पर आमादा हैं अपने’ (Rohini Acharya Latest Post)
पहली बार नहीं है जब रोहिणी ने ऐसा विस्फोटक बयान दिया है. इससे पहले चुनाव नतीजों के बाद उन्होंने घर छोड़ने की बात कहते हुए बेहद गंभीर आरोप लगाए थे. रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ और फेसबुक पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने लिखा-
“बड़ी शिद्दत से बनायी और खड़ी की गयी ‘बड़ी विरासत’ को तहस-नहस करने के लिए परायों की जरूरत नहीं होती. इसके लिए ‘अपने’ और अपनों के चंद षड्यंत्रकारी ‘नए बने अपने’ ही काफी होते हैं.”
रोहिणी ने आगे लिखा कि हैरानी तब होती है जब जिसकी वजह से वजूद और पहचान होती है, उसी को मिटाने के लिए अपने लोग बहकावे में आ जाते हैं. उन्होंने इशारों-इशारों में कहा कि जब विवेक पर पर्दा पड़ जाता है और अहंकार सिर पर चढ़ जाता है, तो ‘विनाशक’ ही बुद्धि और विवेक हर लेता है.

‘विनाशक’ का इशारा किसकी ओर? (Rohini Acharya on Family Legacy)
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि रोहिणी का यह तीर सीधा तेजस्वी यादव और उनके करीबी सलाहकारों की तरफ है. पोस्ट में जिस ‘नए बने अपने’ और ‘षड्यंत्रकारी’ का जिक्र किया गया है, उसे तेजस्वी की ससुराल पक्ष या उनके नए राजनीतिक सलाहकारों से जोड़कर देखा जा रहा है. रोहिणी का कहना है कि अहंकार की वजह से परिवार और पार्टी की जड़ें खोदी जा रही हैं.
ये भी पढ़ें: ‘नीतीश कुमार को भारत रत्न दो’, क्या है केसी त्यागी के मांग का आधार?
गालियों का पुराना दर्द (Rohini Acharya Target Tejashwi Yadav)
पहले रोहिणी ने बताया था कि उन्हें गालियां दी गईं और कहा गया कि उन्होंने पैसे और टिकट के लालच में पिता को ‘गंदी किडनी’ दी है. उस वक्त भी रोहिणी ने तंज कसते हुए कहा था, “सभी शादीशुदा बहन-बेटियां अपने मायके के भाई-बेटे को ही पिता को बचाने को कहें. वो अपनी या अपने किसी ‘हरियाणवी दोस्त’ की किडनी लगवा दें. उनका यह ‘हरियाणवी दोस्त’ वाला तंज तेजस्वी की पत्नी राजश्री के परिवार की ओर माना गया था.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
