Bharat Express DD Free Dish

‘मेरा कातिल कौन…?’ थाने में जान देने से पहले युवक का आखिरी वीडियो वायरल, बयां किया दर्द

Maharashtra News: महाराष्ट्र के चंद्रपुर पुलिस थाने में संदिग्ध आरोपी दिलीप यादव ने कथित तौर पर जहर पीकर जान दे दी. मौत से पहले वायरल वीडियो में पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए गए. मामले की जांच जारी है.

Maharashtra News

Edited by Vaibhav Gupta

Maharashtra News: चंद्रपुर/अभिषेक: महाराष्ट्र के चंद्रपुर शहर पुलिस थाने से एक बेहद संवेदनशील और सनसनीखेज मामला सामने आया है. संदिग्ध आरोपी दिलीप यादव ने कथित रूप से पुलिस के व्यवहार से परेशान होकर पुलिस थाने परिसर में ही जहर पी लिया. गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना से पहले दिलीप यादव ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया, जिसमें उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

वीडियो में क्या कहा?

वायरल वीडियो में दिलीप यादव ने दावा किया कि चंद्रपुर शहर पुलिस उनसे पैसे की मांग कर रही थी. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पैसे नहीं देने पर उन्हें झूठे मामले में फंसाने और प्रताड़ित करने की धमकी दी जा रही थी.

हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

गांजा तस्करी से जुड़ा मामला

बताया जा रहा है कि पूरा मामला गांजा तस्करी से जुड़ा है. जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को चंद्रपुर शहर पुलिस ने एक किलोग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था. इसी मामले में दिलीप यादव को संदिग्ध के रूप में पूछताछ के लिए बुलाया गया था. आरोप है कि इसी दौरान उन पर कथित रूप से दबाव बनाया गया, जिससे मानसिक रूप से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठा लिया.


ये भी पढ़ें: दतिया में टिकट कटने के बाद अंदरूनी कलह तेज, क्या विपक्ष उठा ले जाएगा ‘वोट बैंक’ का फायदा?


घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच की मांग की है.

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जाएगी. जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

Latest