महाराष्ट्र के कई जिलों में मंगलवार को भी तेज बारिश जारी रही, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है. पिछले दो दिनों में बारिश और उससे जुड़े हादसों में कम से कम 6 लोगों की मौत हुई है. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने जानकारी दी कि सेना और अन्य आपातकालीन टीमों ने रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है और अब तक करीब 500 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है.
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों में अगले 48 घंटे के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है. बीते दो दिनों में राज्य में 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें सबसे ज्यादा 8 लोग नांदेड़ जिले से थे. मुंबई में मंगलवार को लगभग 300 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव हुआ हैं. मीठी नदी का जलस्तर हालांकि धीरे-धीरे घट रहा है, लेकिन कुर्ला क्रांति नगर एरिया में सुबह जलस्तर 3.9 मीटर बढ़ने के कारण 350 से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू किया गया.
मुंबई में चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच मोनोरेल तकनीकी गड़बड़ी के चलते फंस गई, जिससे यात्री परेशान हो गए. इस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ट्वीट कर बताया कि सभी एजेंसियां मौके पर पहुंच चुकी हैं और यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने लोगों से धैर्य बनाए रखने… pic.twitter.com/doQRCHfDUU
— Bharat Express (@BhaaratExpress) August 19, 2025
लोकल ट्रेन और हार्बर लाइन प्रभावित
शहर में आज भी स्कूल-कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद हैं. सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनें (7 जोड़ी) रद्द कर दी हैं, जबकि 250 से अधिक फ्लाइट देरी से उड़ रही हैं. अंधेरी सब-वे भी पानी भरने के कारण बंद है. कई अंडर ब्रिज में लगभग 4 फीट तक पानी जमा हुआ है. लोकल ट्रेन सर्विस पर भी असर पड़ा है, और हार्बर लाइन का ट्रैक पानी में डूबा हुआ है. सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग रेलवे ट्रैक पर चलकर अपने घरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं.
कुल्लू में बादल फटने से बह गईं दुकानें
वहीं हिमाचल प्रदेश में भी भारी बारिश ने तबाही मचा दी है. कुल्लू जिले में सोमवार रात करीब 1 बजे बादल फटने से तीन दुकानें बह गईं. ब्यास नदी के उफान के कारण भूतनाथ के पास सड़क का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और पुल भी तेज बहाव में बहा है. प्रशासन ने स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए रेस्क्यू टीमों को सक्रिय कर दिया है.
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि महाराष्ट्र और हिमाचल में अगले 48 घंटे भारी बारिश की संभावना बनी हुई है. नागरिकों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और सरकारी निर्देशों का पालन करें. अधिकारियों ने चेताया है कि नदी-नालों के पास जाने से बचें और आपातकालीन नंबरों पर संपर्क बनाए रखें.
राज्य सरकार और सेना द्वारा जारी रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार चल रहा है, ताकि जलमग्न क्षेत्रों में फंसे लोग सुरक्षित निकल सकें. अब तक भारी बारिश और बाढ़ से जुड़ी परिस्थितियां गंभीर बनी हुई हैं और स्थिति पर कड़ी नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़े: ‘भारत का खाते हैं पर…’ वंदे मातरम न बोलने पर विधायक बालमुकुंद आचार्य ने मुस्लिम युवक को बताया देश विरोधी
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



