जन्मदिन किसी का भी हो, खुशी और जश्न तो बनता है, लेकिन छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में एक पूर्व विधायक का जन्मदिन मनाने का अंदाज अब शहर में चर्चा का विषय बन गया है. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मनेन्द्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक महोदय के समर्थक बीच सड़क पर गाड़ियों का काफिला रोककर जश्न मनाते दिख रहे हैं. वीडियो में आतिशबाजी का शोर है, सड़क पर हुजूम है और गाड़ियों के ऊपर रखकर एक के बाद एक कई केक काटे जा रहे हैं.
मुख्य मार्ग पर लगा ‘ब्रेक’, राहगीर हुए परेशान
यह पूरा वाकया चिरमिरी-बिलासपुर मुख्य मार्ग का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि देर रात सड़क के बीचों-बीच गाड़ियों को खड़ा कर दिया गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. मुख्य मार्ग होने की वजह से कई राहगीर और गाड़ियां इस सेलिब्रेशन के चक्कर में फंस गईं. आतिशबाजी इतनी जोरदार थी कि पूरा इलाका गूंज उठा. समर्थकों के जोश के बीच आम जनता को होने वाली असुविधा को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया.
हाईकोर्ट के सख्त निर्देशों की उड़ी धज्जियां
गौरतलब है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह के हुड़दंग, केक कटिंग और रास्तों को जाम करने को लेकर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट पहले ही काफी सख्त रुख अपना चुका है. अदालत ने कई बार स्पष्ट किया है कि सड़क आम जनता के चलने के लिए है, न कि निजी कार्यक्रमों के लिए. इससे पहले भी हाईकोर्ट ने ऐसे मामलों में स्वतः संज्ञान (Suo Moto) लेते हुए पुलिस और प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. बावजूद इसके, जिम्मेदार पदों पर रहे नेताओं द्वारा इस तरह के सार्वजनिक प्रदर्शन पर अब लोग सवाल उठा रहे हैं.
वायरल वीडियो ने बढ़ाई मुश्किलें
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कुछ लोग इसे ‘पावर शो’ कह रहे हैं, तो कुछ इसे कानून की अनदेखी बता रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद अब स्थानीय प्रशासन की ओर भी नजरें टिकी हैं कि क्या इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत या कार्रवाई होती है या नहीं.
ये भी पढ़ें: राजनीति के 50 साल: बीएसवाई के लिए सजे मंच पर पहुंचे अमित शाह, बताया भाजपा का सबसे मजबूत स्तंभ
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

