Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

मीठी नदी सफाई घोटाला मामला, अभिनेता डिनो मोरिया EoW अधिकारियों के सामने हुए पेश

आरोप है कि मीठी नदी की सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें, जैसे कि कीचड़ हटाने वाली और गहरी खुदाई करने वाली मशीनें आदि को किराए पर लेने वाले पैसे का गलत इस्तेमाल हुआ.

अभिनेता डिनो मोरिया. (फाइल फोटो)

Dino Morea Mithi River Scam: मीठी नदी सफाई घोटाले मामले में बॉलीवुड अभिनेता डिनो मोरिया एक बार फिर जांच अधिकारियों के सामने पेश हुए हैं. इस मामले की जांच कर रही मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) बुधवार को डिनो मोरिया से फिर से पूछताछ करेगी. इससे पहले अधिकारियों ने अभिनेता से लगभग सात घंटे तक पूछताछ की थी, जिसमें उन्होंने कई अहम सवालों के जवाब दिए. जांच अधिकारियों ने उन्हें फिर से तलब किया है.

26 मई को भी डिनो मोरिया से पूछताछ की गई थी. ईओडब्ल्यू के अधिकारियों के मुताबिक, डिनो मोरिया को इसलिए बुलाया गया क्योंकि जांच में उनकी और उनके भाई सैंटिनो मोरिया की और इस मामले के मुख्य आरोपी केतन कदम के फोन पर कई बार बातचीत के रिकॉर्ड मिले हैं. अब पुलिस ये समझना चाहती है कि इनके बीच क्या चर्चा हुई थी.

पैसे का गलत इस्तेमाल करने का है आरोप

आरोप है कि मीठी नदी की सफाई के लिए इस्तेमाल होने वाली मशीनें, जैसे कि कीचड़ हटाने वाली और गहरी खुदाई करने वाली मशीनें आदि को किराए पर लेने वाले पैसे का गलत इस्तेमाल हुआ. बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कथित तौर पर कोच्चि स्थित कंपनी मैटप्रॉप टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड से प्राप्त मशीनों के लिए बढ़ी हुई कीमतें चुकाईं.

जांचकर्ताओं का मानना है कि इस धोखाधड़ी को बीएमसी के कुछ अधिकारी और मैटप्रॉप कंपनी के कर्मचारियों ने मिलकर अंजाम दिया. केतन कदम और उसके साथी जय जोशी ने बीएमसी के पास बढ़ा-चढ़ाकर बिल भेजा, यानी असल कीमत से ज्यादा पैसे मांगे.

डिनो मोरिया को आरोपी नहीं बनाया गया है

इस मामले में डिनो मोरिया को आरोपी नहीं बनाया गया है. लेकिन, पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार व्यक्ति से उनके संबंध को समझना जरूरी है, जिसके चलते उन्हें तलब किया गया है. डिनो मोरिया ने अपने करियर की शुरुआत 1999 में ‘प्यार में कभी कभी’ से की थी. इसके बाद वह 2002 में रिलीज हुई ‘राज’ फिल्म में दिखाई दिए. वह हिंदी फिल्मों के अलावा, तमिल और कन्नड़ फिल्मों में भी 50 से ज्यादा प्रोजेक्ट में काम कर चुके हैं.

इन दिनों वह  ‘हाउसफुल 5’ को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. ‘हाउसफुल 5’ फिल्म 6 जून को रिलीज होगी.


ये भी पढ़ें: ठग लाइफ की रिलीज से पहले विवादों में घिरे कमल हासन, फिल्म एक्टर के खिलाफ कर्नाटक में उबाल, लोगों ने फाड़े पोस्टर, जानें पूरा मामला


-भारत एक्सप्रेस 



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital