Bharat Express DD Free Dish

जेवर एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में सुविधाओं को देखकर मन को संतोष हुआ- पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करते हुए कहा कि यह टर्मिनल अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस है और इससे कनेक्टिविटी, निवेश और विकास को नई गति मिलेगी.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को गौतम बुद्ध नगर जिले के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया. कार्यक्रम के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक की कई पोस्ट में नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे की सुविधाओं का जिक्र किया.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन में अत्याधुनिक सुविधाओं को देखकर मन को बहुत संतोष हुआ. इस एयरपोर्ट से कनेक्टिविटी, निवेश और विकास को एक नई गति मिलेगी.

उन्होंने कहा कि नोएडा के कार्यक्रम में अपार संख्या में जुटे मेरे परिवारजनों का जोश साफ बता रहा है कि यूपी सहित देशभर में हो रहे तेज विकास को लेकर वे कितने उत्साहित हैं.

उन्होंने कहा कि आज जिस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन हुआ है, वह डबल इंजन सरकार के प्रयासों और हमारी कार्य-संस्कृति का शानदार उदाहरण है. इससे पता चलता है कि युद्ध के वैश्विक संकट के बीच भी भारत निरंतर आगे बढ़ रहा है. हाल ही में हमारी सरकार ने उड़ान योजना को और विस्तार दिया है, जिसके तहत आने वाले वर्षों में छोटे-छोटे शहरों में 100 नए एयरपोर्ट और 200 नए हेलीपैड बनाने की योजना है. यूपी को भी इससे बहुत अधिक लाभ होगा.

विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला निवेश

पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार हवाई जहाजों की रखरखाव और मरम्मत यानी एमआरओ सुविधाओं को बहुत बड़े पैमाने पर भारत में ही विकसित करने में जुटी है. इससे देश को कमाई भी होगी और युवाओं को अनेक रोजगार भी मिलेंगे. विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हमारी सरकार आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर अभूतपूर्व निवेश कर रही है. मेट्रो और वंदे भारत जैसी ट्रेनें और बंदरगाहों की क्षमता का विस्तार इसी का सुपरिणाम है.

उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में चल रहे युद्ध से उपजे मौजूदा वैश्विक संकट का सामना हमें पूरे धैर्य और एकजुटता के साथ करना है.

ये भी पढ़ें- “देश के दो ही खलनायक: मुसलमान और सवर्ण!” बिहार में बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा धमाका; बयान से मचा सियासी बवाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read