Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

महाशिवरात्रि पर 18.82 लाख दीप जलाकर उज्जैन ने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराया नाम

मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल से अपने साथ लाये दीयों को रामघाट पर पत्नी साधना सिंह चौहान के साथ प्रज्ज्वलित कर शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम की शुरूआत की.

shivraj singh chouhan

सीएम शिवराज सिंह चौहान व उनकी पत्नी साधना सिंह चौहान

उज्जैन की जनता ने रामघाट, दत्त अखाड़ा, नृसिंह घाट, गुरूनानक घाट, सुनहरी घाट, भूखीमाता घाट पर एक साथ 18 लाख 82 हजार 229 दीप प्रज्ज्वलित कर नया विश्व रिकार्ड स्थापित किया है. इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि उज्जैन वासियों ने जन-भागीदारी का एक अनुपम उदाहरण प्रस्तुत किया है. जन-भागीदारी से ही यह विश्व रिकार्ड बना है. भगवान श्रीमहाकाल की उज्जैन नगरी पर कृपा बरस रही है. चारों ओर उत्सव और आनंद का वातावरण है. आज का दिन अद्भुत है. उन्होंने कहा कि उज्जैन शहर के लिये आज का दिन गौरव का दिन है.

मुख्यमंत्री चौहान ने भोपाल से अपने साथ लाये दीयों को रामघाट पर पत्नी साधना सिंह चौहान के साथ प्रज्ज्वलित कर शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम की शुरूआत की. मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आज अवंतिका नगरी को श्रीमहाकाल महाराज की कृपा और आम जनता की भक्ति, श्रद्धा एवं तपस्या से महाशिवरात्रि पर एक अनोखा विश्व रिकार्ड स्थापित करने का सौभाग्य मिला है। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वैभवशाली, सम्पन्न व शक्तिशाली राष्ट्र का निर्माण हो रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा मध्यप्रदेश भी किसी से कम नहीं है. हम भी निरंतर आगे बढ़ रहे हैं. हमारा प्रदेश भी शक्तिशाली प्रदेश बनेगा.

सीएम चौहान ने कहा कि उज्जयिनी की छटा अनुपम, अद्भुत और अविस्मरणीय है. उन्होंने कहा कि उज्जयिनी को स्वच्छता में नम्बर-वन बनायेंगे. उन्होंने बताया कि शिव और शक्ति के एक साथ रहने पर ही सब कुछ संभव होता है. उन्होंने कहा, “मैं माँ-बहन और बेटी में शक्ति स्वरूपा देवी को देखता हूँ. लाड़ली लक्ष्मी योजना के बाद अब गरीब बहनों के सशक्तिकरण के लिये लाड़ली बहना योजना शुरू की जा रही है. लाड़ली बहना योजना में गरीब बहनों को एक हजार रुपये महीना दिया जायेगा. साल में उन्हें 12 हजार रूपये दिये जायेंगे, जिससे उन गरीब बहनों का सशक्तिकरण होगा.”

मुख्यमंत्री चौहान को वर्ल्ड रिकार्ड सर्टिफिकेट सौंपा

मुख्यमंत्री चौहान को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड की टीम के स्वप्निल डंगरीकर एवं निश्चल बारोट ने वर्ल्ड रिकार्ड स्थापित होने का प्रमाण-पत्र सौंपा। स्वप्निल ने घोषणा की कि आज उज्जैन में विभिन्न घाटों पर 18 लाख 82 हजार 229 दीप प्रज्ज्वलित हुए हैं. शिव ज्योति अर्पण कार्यक्रम में रामघाट पर दीप प्रज्ज्वलन का कार्य शाम 7 बजे से प्रारम्भ हुआ. एक साथ 18 लाख 82 हजार 229 दीप प्रज्ज्वलित हो उठे. रात्रि 8 बजे ड्रोन कैमरे से दीयों की गिनती की गई.

घाटों की अद्भुत छटा को नौका से निहारा

मुख्यमंत्री चौहान ने पत्नी साधना सिंह चौहान के साथ नौका पर बैठ कर रामघाट से भूखीमाता तक लगाये गये दीपों की अद्भुत छटा को निहारा. घाटों की रोशनी बन्द कर दी गई और दीपों की रोशनी से शिप्रा नदी का तट नहा उठा. इस अवसर पर लेजर शो का भी प्रदर्शन किया गया. शिव ज्योति अर्पणम का टाइटल सांग भी लांच किया गया. मुख्यमंत्री चौहान ने उज्जैन के दूधतलाई क्षेत्र में नौ करोड़ 96 लाख रुपये लागत से निर्मित हुए श्रीकृष्ण-सुदामा कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया. कॉम्पलेक्स के सामने जैन समाज द्वारा 11 हजार दीप प्रज्वलित किये गये थे.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital