प्रेमानंद महराज के लिए मदीना से आई 'गंगा-जमुनी' दुआ
Premanand Maharaj Health: उत्तर प्रदेश के मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद जी महाराज की तबीयत को लेकर इन दिनों लोगों के बीच काफी चर्चा है. सोशल मीडिया पर उनकी सेहत को लेकर तरह-तरह की खबरें सामने आ रही हैं. उनकी बिगड़ती हालत ने भक्तों को काफी चिंतित कर दिया है. हर कोई यही दुआ कर रहा है कि महाराज जी जल्द स्वस्थ हो जाएं और पहले की तरह लोगों की सेवा कर सकें. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक मुस्लिम युवक सऊदी अरब के मदीना शहर से प्रेमानंद जी महाराज की सेहत के लिए दुआ करता दिखाई दे रहा है.
मुस्लिम युवक ने Premanand Maharaj के लिए मांगी दुआ
युवक की पहचान सुफियान इलाहाबादी के रूप में हुई है, जो प्रयागराज का रहने वाला है. वीडियो में सुफियान मदीना की पवित्र मस्जिद के सामने खड़े होकर अल्लाह से प्रार्थना करते हैं कि महाराज जी को जल्द से जल्द अच्छा स्वास्थ्य मिले. सुफियान का वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वह प्रेमानंद महाराज की तस्वीर फोन में दिखाते हुए कह रहे हैं कि महाराज बहुत अच्छे और सच्चे इंसान हैं, हमें पता चला है कि वो बीमार हैं, इसलिए अल्लाह से उनकी सेहतमंदी की दुआ कर रहा हूं. उन्होंने यह भी कहा कि हिंदू-मुसलमान से फर्क नहीं पड़ता, जरूरी यह है कि इंसान अच्छा और सच्चा हो.
#prayagraj
मुस्लिम युवक सूफियान इलाहाबादी ने मदीना में प्रेमानंद महाराज के लिए मांगी दुआ!!
कहा-हम उस प्रयागराज से हैं जहां गंगा-जमुना तहजीब की मिशाल पेश होती है!!अब यह वीडियो प्रेमानंद जी को मानने वाले सोशल मीडिया पर वायरल कर रहे हैं!#madina #UttarPradesh #premanandjimaharaj pic.twitter.com/oXt3kBdkCb
— Gaurav Dixit (@GauravKSD) October 13, 2025
वीडियो पर लोगों की प्रतिक्रियाएं (Prays for Premanand Maharaj)
इस वीडियो को देखने के बाद लोगों की कई प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. लोग युवक की काफी तारीफ कर रहे हैं और कह रहे हैं कि इंसानियत धर्म से बड़ी है. यह वीडियो भारत की गंगा-जमुनी तहजीब और सच्ची भाईचारे की भावना की बेहतरीन मिसाल बन गया है. इसके साथ ही लोग प्रार्थना करते हुए अपनी प्रतिक्रिया भी सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें: जन सुराज की 66 प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट जारी, जानिए प्रशांत किशोर ने किसे कहां से मौका दिया?
प्रेमानंद जी महाराज की तबीयत (Premanand Maharaj Health Update)
बताया जा रहा है कि संत प्रेमानंद जी महाराज पिछले कुछ समय से किडनी की समस्या से जूझ रहे हैं. फिलहाल वे वृंदावन स्थित श्री राधेहित केलिकुंज आश्रम में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं. आश्रम की ओर से जारी संदेश के अनुसार, अब उनकी तबीयत पहले से बेहतर है और वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


