Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

24 घंटे के भीतर नैनीताल में दूसरा सड़क हादसा! खुर्पाताल के पास खाई में गिरी कार, 5 लोग अस्पताल में भर्ती

नैनीताल में लगातार दूसरे दिन दर्दनाक हादसा. खुर्पाताल के पास पर्यटकों की XUV खाई में गिरने से 5 लोग घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है.

Nainital Road Accident Khurpatal XUV Crash 5 Injured BD Pandey Hospital

Nainital Accident: खूबसूरत वादियों की सैर पर निकले पर्यटकों के लिए नैनीताल की सड़कें अचानक हादसों का सबब बनने लगी हैं. शुक्रवार के दर्दनाक हादसे के बाद शनिवार को लगातार दूसरे दिन शहर का खुर्पाताल इलाका भीषण सड़क हादसे से दहल उठा. पर्यटकों से भरी एक XUV कार अनियंत्रित होकर पहाड़ी की दीवार से टकराते हुए करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी.

यूपी और राजस्थान के रहने वाले हैं घायल

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) के रहने वाले 25 वर्षीय शिवेंद्र श्रीवास्तव अपनी XUV कार (GJ-18BK-9777) से दोस्तों और बहन के साथ नैनीताल घूमने आ रहे थे. कार में उनकी बहन निधि श्रीवास्तव (22), राजस्थान के लिवांशु (20), जयपुर की ऐश्वर्या (21) और कानपुर की पिंकी गुप्ता (21) सवार थे.

शनिवार सुबह करीब कालाढूंगी मार्ग से नैनीताल की तरफ आते समय खुर्पाताल के पास अचानक चालक का वाहन पर से नियंत्रण छूट गया. कार पहले सड़क किनारे पहाड़ी की दीवार से टकराई और फिर असंतुलित होकर खाई में गिर पड़ी.

रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया

चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही मल्लीताल कोतवाली पुलिस, दमकल विभाग और SDRF की टीम मौके पर पहुंची. लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी 5 घायलों को खाई से बाहर निकाला गया और तुरंत बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद शिवेंद्र और पिंकी की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है.

एक दिन पहले मुक्तेश्वर में हुआ था दर्दनाक हादसा

बता दें कि इससे ठीक एक दिन पहले यानी शुक्रवार को भी नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर मार्ग पर लुक्ताधार के पास एक टेंपो ट्रैवलर खाई में गिर गया था. उस हादसे में 22 यात्री सवार थे, जिनमें से 2 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 20 लोगों को SDRF और पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया था.

लगातार हो रहे इन हादसों ने नैनीताल की तरफ आने वाले संकरे और घुमावदार रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था और तेज रफ्तार को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

यह भी पढ़ें: कैसी यह आजादी? भूख हड़ताल पर बैठे देवेंद्र महतो को तिरंगा यात्रा में जाने से पुलिस ने रास्ते में रोका, सीने में आई चोट

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital