आनन्द मिश्रा/बलरामपुर: रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम नेहरू नगर में मामूली विवाद ने बड़ी हिंसा का रूप ले लिया. दरअसल नल-जल योजना के अंतर्गत बनी पानी टंकी की चाबी को लेकर हुआ मामूली विवाद रविवार को हिंसक झड़प में तब्दील हो गया. इस घटना में एक पक्ष द्वारा दूसरे पक्ष के 7 लोगों पर लाठी-डंडा व टांगी से हमला किए जाने की सूचना है. सभी घायल रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल में भर्ती हैं. वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है.
जानिए क्या है पूरा मामला?
प्राप्त जानकारी के अनुसार नल-जल योजना की पानी टंकी की चाबी सरपंच-सचिव द्वारा अरुण बछाड़ के घर में रखवाई गई थी, ताकि समय पर टंकी खोलकर पानी की आपूर्ति की जा सके. रविवार को कमल वैध चाबी मांगने अरुण बछाड़ के घर गए थे, लेकिन अरुण की ओर से यह कहकर चाबी देने से इनकार कर दिया गया कि सरपंच-सचिव से कहने पर ही चाबी दी जाएगी. सोमवार सुबह फिर कमल वैध के पुत्र अभिषेक और राजू चाबी मांगने पहुंचे. जिसके बाद बात और बिगड़ गई और मामले ने मारपीट का रूप ले लिया.
मारपीट में 7 लोग हुए घायल
इस हमले में अरुण (40), महीना (30), भागीरथ (35), राजीव (22), अमित (23) और विश्वजीत (19) सहित कुल 7 लोग घायल हो गए. सभी को तत्काल रामानुजगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया. घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: बलरामपुर का सरकारी स्कूल बना शिक्षा की नई मिसाल! जानिए लोग क्यों बोले कि प्राइवेट से कम नहीं?
प्रशासन ने क्या कार्रवाई की?
रामानुजगंज थाना प्रभारी अजय साहू ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है. जांच के बाद दोषियों के खिलाफ उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. बता दें कि यह घटना ग्रामीण इलाकों में छोटे-छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने की समस्या को उजागर करती है. प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर कड़ी नजर रखने और नल-जल योजना की चाबी जैसे मामलों में पारदर्शी व्यवस्था करने की जरूरत है.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

