Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

नवादा के मिर्जापुर हत्याकांड का मुख्य आरोपी यूपी से गिरफ्तार! शराब पिलाकर फूटे कांच से रेता था गला

नवादा के चर्चित प्रिंस कुमार हत्याकांड में मुख्य आरोपी सतीश कुमार को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हरदोई से गिरफ्तार कर लिया है. जांच में खुलासा हुआ कि पैसे के विवाद में पहले शराब पिलाई गई, फिर गला घोंटकर और कांच से रेतकर हत्या की गई…

Nawada Murder Case: बिहार के नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर में हुए सनसनीखेज प्रिंस कुमार हत्याकांड में पुलिस को एक बहुत बड़ी और ऐतिहासिक कामयाबी मिली है. पैसे के पुराने विवाद में की गई इस क्रूर और खौफनाक हत्या के मुख्य आरोपी सतीश कुमार उर्फ क्षितिज कुमार को नवादा पुलिस ने उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले से दबोच लिया है. 14 जून 2026 को हुई इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद इलाके के अपराधियों में हड़कंप मच गया है. गौरतलब है कि इस खूनी खेल में शामिल दो विधि-विरुद्ध किशोरों को पुलिस 22 मई को ही निरुद्ध (हिरासत में) कर जेल भेज चुकी है.

लापता बेटे की तलाश में खुला मर्डर का खौफनाक चक्रव्यूह

इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतक प्रिंस कुमार की मां ने बीती 14 मई 2026 को नगर थाने में अपने बेटे के अचानक लापता होने की FIR (कांड संख्या 481/26) दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होते ही नवादा पुलिस एक्शन मोड में आ गई.

सीसीटीवी फुटेज खंगालने, तकनीकी साक्ष्यों (लोकेशन ट्रैक) और दोस्तों से कड़ी पूछताछ के बाद जो सच सामने आया, उसने पुलिस अधिकारियों के भी होश उड़ा दिए. जांच में पता चला कि प्रिंस और आरोपियों के बीच पैसे के लेन-देन को लेकर पुराना विवाद था, और इसी बदले की आग में इस खूनी वारदात को अंजाम दिया गया.

शराब पिलाकर फूटे कांच से रेत डाला गला

नवादा पुलिस के अनुसंधान में सामने आया कि 13 मई की रात मुख्य आरोपी सतीश ने साजिश के तहत प्रिंस को फोन करके मिर्जापुर गुमटी बुलाया. वहां से एक किशोर के टोटो पर बहला-फुसलाकर प्रिंस को कादिरगंज थाना क्षेत्र के घोषथामा स्थित एक बेहद सुनसान जगह पर ले जाया गया.

वहां पहले प्रिंस को जमकर शराब पिलाई गई और जैसे ही वह नशे में धुत हुआ, तीनों ने मिलकर गमछे से उसका गला घोंट दिया. इतने से भी जब मन नहीं भरा, तो तड़पते हुए प्रिंस का फूटे हुए कांच के टुकड़े से बेरहमी से गला रेतकर उसे मौत के घाट उतार दिया.

ये भी पढ़ें: मोहन जोदड़ो की मूर्ति नग्न थी, NCERT ने ‘कपड़ों’ के साथ क्यों छापी? अब सीधा U-टर्न

सकरी नदी किनारे झाड़ियों में फेंकी लाश

साक्ष्य मिटाने के लिए कातिलों ने प्रिंस की लाश को सकरी नदी के किनारे घनी झाड़ियों में फेंक दिया और उसका मोबाइल तोड़कर रास्ते में बहा दिया. 22 मई को पकड़े गए किशोरों की निशानदेही पर पुलिस ने नदी किनारे से क्षत-विक्षत शव बरामद किया.

मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) की टीम ने खून से सना कांच, ईंट, गमछा, बीयर के कैन और एनर्जी ड्रिंक की बोतलें बरामद की हैं. पुलिस की गिरफ्त में आए मुख्य आरोपी सतीश कुमार (पुत्र जितेंद्र कुमार, निवासी अंदर बाजार, कादिरगंज) ने पूछताछ में अपना गुनाह कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसे सीधे कड़क सुरक्षा के बीच न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital