यह फोटो एआई द्वारा निर्मित की गई है.
Mysterious Death: अमन/नवादा: नवादा जिले में एक युवक की संदिग्ध मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है. रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक तालाब से युवक का शव बरामद होने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. मृतक की पहचान वारसलीगंज बाजार निवासी जवाहर प्रसाद वर्मा के 27 वर्षीय बेटे सोनू वर्मा के रूप में हुई है. सोनू तिलकुट बनाने और बेचने का काम करता था और परिवार की रोज़ी-रोटी का अहम सहारा माना जाता था.
घर से चार लाख रूपए लेकर निकला
परिवार वालों के अनुसार, तिलकुट का सीजन खत्म होने के बाद सोनू मजदूरों को भुगतान करने के लिए घर से करीब चार लाख रुपये लेकर निकला था. बताया जा रहा है कि उसी दिन के बाद से वह घर नहीं लौटा. जब अगले दिन मजदूर पैसे मांगने घर पहुंचे और सोनू का कुछ पता नहीं चला, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई. इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों ने उसकी तलाश शुरू की.
कुछ घंटों बाद सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन से थोड़ी दूरी पर एक तालाब में एक युवक पानी में गिरा हुआ है. खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. इसी बीच सूचना पाकर आपातकालीन सेवा 112 की पुलिस टीम भी वहां पहुंच गई. युवक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
शरीर पर चोट के निशान
मृतक के बड़े भाई राजेश वर्मा ने बताया कि सोनू के चेहरे और सिर पर साफ तौर पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे. इसके अलावा शरीर के दो अन्य हिस्सों पर भी जख्म पाए गए हैं. उनका कहना है कि यह सिर्फ पानी में गिरने का मामला नहीं लगता. परिवार को शक है कि सोनू के साथ पहले मारपीट की गई और फिर उसे तालाब में धकेल दिया गया.
इस घटना के बाद इलाके में लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि सोनू के पास मौजूद बताए जा रहे चार लाख रुपये आखिर गए कहां. क्या यह महज एक हादसा था या फिर इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश छिपी है? आसपास के लोग भी इस मामले को संदिग्ध मान रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
थाना प्रभारी पंकज कुमार सैनी ने फोन पर बातचीत में बताया कि मृतक की पत्नी द्वारा दिए गए आवेदन में पानी में गिरने से मौत की बात कही गई है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: BMC चुनाव में जीत के बाद धुरंधर बने देवा भाऊ, मुंबई में लगे फडणवीस के फिल्मी पोस्टर
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

