भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनन मिश्रा ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर बड़ा दावा किया है. उनका कहना है कि जिन राज्यों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की सरकार है, वहां चरणबद्ध तरीके से यूसीसी लागू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और असम के बाद अब पश्चिम बंगाल भी इस दिशा में आगे बढ़ने वाला राज्य हो सकता है.
पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान मनन मिश्रा ने कहा कि पश्चिम बंगाल में यूसीसी लागू करना एक जरूरी और स्वागतयोग्य कदम होगा. उनके मुताबिक संविधान सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है, इसलिए कानून भी सभी के लिए एक जैसा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के लिए अलग-अलग नियम नहीं होने चाहिए और सभी नागरिकों के साथ समान व्यवहार होना चाहिए.
भाजपा सांसद ने अपनी बात रखते हुए कहा कि देश की सामाजिक व्यवस्था और संस्कृति समानता और संतुलन पर आधारित है. उनका कहना था कि ऐसी व्यवस्था में अलग-अलग व्यक्तिगत कानूनों की जगह एक समान कानून होना चाहिए. उन्होंने यह भी दोहराया कि जहां-जहां एनडीए की सरकार बनेगी या पहले से है, वहां यूसीसी लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा.
उन्होंने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का भी जिक्र किया और कहा कि भाजपा ने पहले ही अपने चुनावी संकल्प पत्र में यूसीसी लागू करने का वादा किया था. उनके अनुसार, यह पार्टी के प्रमुख एजेंडे का हिस्सा है.
राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर भी बोले
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी के सरकारी आवास खाली करने के मुद्दे पर भी मनन मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि जब जनता किसी सरकार को सत्ता से बाहर कर देती है, तब सरकारी आवास भी नियमानुसार खाली कर देना चाहिए. उन्होंने कहा कि यदि संबंधित अधिकारियों की ओर से नोटिस दिया गया है, तो उसका पालन होना चाहिए और इस मामले में बार-बार बहाने बनाना उचित नहीं है.
राहुल गांधी पर साधा निशाना
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के कथित “लापता” पोस्टरों को लेकर पूछे गए सवाल पर मनन मिश्रा ने व्यंग्यात्मक अंदाज में जवाब दिया. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अक्सर चर्चा से बाहर या विदेश यात्राओं पर रहते हैं. साथ ही उन्होंने उन पर राजनीतिक आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी गतिविधियों को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं.
अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चंदा चोरी के मामले में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर भी भाजपा सांसद ने पलटवार किया. उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों ने पहले राम मंदिर निर्माण का विरोध किया था, वे अब इस मुद्दे पर लगातार बयान दे रहे हैं.
मनन मिश्रा ने कहा कि जैसे ही चोरी का मामला सामने आया, सरकार ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एसआईटी का गठन किया, एफआईआर दर्ज कराई और कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी किया. उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं.
केजरीवाल पर भी कसा तंज
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का नाम लेते हुए मनन मिश्रा ने उन पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि चुनावों के समय कई नेताओं को राम मंदिर की याद आने लगती है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक परिस्थितियों के अनुसार कई दल अपने रुख बदलते रहते हैं और धार्मिक मुद्दों पर अलग-अलग समय पर अलग-अलग बयान देते हैं.
यह भी पढ़ें: कैबिनेट फेरबदल की चर्चाओं के बीच PM मोदी का बड़ा कदम, मंगलवार की बैठक में सचिवों के लिए बदला यह नियम
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


