Bharat Express DD Free Dish

चंडीगढ़ ग्रेनेड अटैक की साजिश पाकिस्तान और अमेरिका से रची गई, एनआईए ने किया बड़ा खुलासा

एनआईए ने चंडीगढ़ ग्रेनेड अटैक केस में एक और आरोपी के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. जांच में खुलासा हुआ कि इस हमले की साजिश पाकिस्तान और अमेरिका से रची गई थी.

Chandigarh grenade attack

चंडीगढ़ सेक्टर-10 में हुए ग्रेनेड हमले को लेकर एनआईए ने एक और बड़ा खुलासा किया है. इस मामले में एजेंसी ने पंजाब निवासी अभिजोत सिंह उर्फ बाब्बा उर्फ गोपी के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है. जांच में सामने आया है कि इस हमले की साजिश पाकिस्तान और अमेरिका से रची गई थी. हमला बाबर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े आतंकियों ने प्लान किया था.

NIA का क्या कहना है?

NIA के मुताबिक, पाकिस्तान में बैठे BKI आतंकी हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा और अमेरिका में मौजूद गैंगस्टर हैप्पी पासिया ने मिलकर इस साजिश को अंजाम देने की योजना बनाई थी. पासिया ने भारत में लोगों की भर्ती, फंडिंग और हथियार पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाई थी. दोनों को एनआईए पहले ही भगोड़ा घोषित कर चुकी है.

आर्मेनिया में हुई थी मुलाकात

चार्जशीट में यह भी बताया गया है कि दिसंबर 2023 में अभिजोत सिंह आर्मेनिया गया था, जहां उसकी मुलाकात पासिया के करीबी शमशेर शेहरा से हुई. शेहरा ने ही उसे आतंकी नेटवर्क से जोड़ा. भारत लौटने के बाद, जुलाई 2024 में अभिजोत ने टारगेट की रेकी की और अगस्त में रोहन मसीह के साथ मिलकर रिटायर्ड पुलिस अफसर की हत्या की कोशिश की. इसके लिए उसे विदेश से पैसे भी मिले थे.

किसने किया था अटैक?

सितंबर 2024 में रोहन और विशाल मसीह ने मिलकर ग्रेनेड अटैक को अंजाम दिया. इन दोनों को मार्च 2024 में चार्जशीट किया जा चुका है. एनआईए (NIA) अब भी उन लोगों की तलाश कर रही है जिन्होंने इस हमले में लॉजिस्टिक सपोर्ट और हथियार मुहैया कराए.

इसे भी पढ़ें-नीरव मोदी को भारत लाने की कोशिश तेज, सरकार ने लंदन को दी लिखित गारंटी

पुलिस का क्या कहना है?

पुलिस के अनुसार, यह हमला रिटायर्ड पुलिस अधीक्षक जसकीरत सिंह चहल को निशाना बनाकर किया गया था. चहल 1986 में नकोदर में SHO थे, जब पुलिस फायरिंग में चार सिख प्रदर्शनकारी मारे गए थे. चहल सेक्टर-10 के जिस मकान में रहते थे वह हिमाचल के रिटायर्ड प्रिंसिपल केके मल्होत्रा का है.

अंतिम चरण में NIA की जांच

एनआईए की जांच अब अंतिम चरण में है और जल्द ही बाकी आरोपियों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read