Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

बीजेपी में ‘नबीन’ युग: जेपी नड्डा ने सौंपी कुर्सी, नितिन को बताया परिपक्व नेता, बोले- उनके नेतृत्व में नई ऊंचाइयां छुएगी पार्टी

बीजेपी में नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही एक नए अध्याय की शुरुआत हो गई है. जेपी नड्डा ने नितिन नबीन को पार्टी की कमान सौंपते हुए उन्हें एक ‘ऊर्जावान और जमीनी नेता’ बताया. नड्डा ने कहा कि नितिन नबीन का 5 बार विधायक रहना और छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों में जीत दिलाने का अनुभव पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा.

Nitin Nabin takes charge as BJP national President

बीजेपी में आज एक नए युग की शुरुआत हुई है. जेपी नड्डा ने अपनी कुर्सी अब युवा के कंधों पर सौंप दी है. बिहार से आने वाले नितिन नबीन अब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए हैं. इस मौके पर जेपी नड्डा काफी भावुक और उत्साहित नजर आए. उन्होंने नितिन नबीन की तारीफों के पुल बांधते हुए उन्हें एक ‘परिपक्व और जमीन से जुड़ा नेता’ बताया.

साधारण कार्यकर्ता से अध्यक्ष तक

जेपी नड्डा ने नितिन नबीन का स्वागत करते हुए कहा कि यह पार्टी के लिए एक ऐतिहासिक दिन है. उन्होंने याद दिलाया कि नितिन जी ने जमीन पर पसीना बहाया है. उनेहोंने कहा, ‘नितिन जी मूल रूप से एक निष्ठावान कार्यकर्ता हैं. उन्होंने बहुत कम उम्र में ही राजनीति की बारीकियों को समझ लिया था.’

नड्डा ने उनके ट्रैक रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए बताया कि नितिन नबीन बहुत ही छोटी उम्र में 5 बार विधायक रह चुके हैं और अभी भी विधायक है. साथ ही वो बिहार सरकार में मंत्री के तौर पर अपनी काबिलियत साबित कर चुके हैं.

संगठन में लोहा मनवाया

भाषण के दौरान नड्डा ने नितिन नबीन के संगठनात्मक कौशल की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय युवा मोर्चा के महासचिव रहते हुए नितिन ने पूरे देश का दौरा किया और भारत की रग-रग को समझा है. नड्डा ने खास तौर पर छत्तीसगढ़ का जिक्र किया, जहां नितिन नबीन प्रभारी थे. नड्डा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार दोबारा बनवाने में नितिन का बहुत बड़ा हाथ रहा. इसके अलावा सिक्किम में भी उनके काम की काफी तारीफ की.

पीएम मोदी को कहा ‘शुक्रिया’

नड्डा ने अपनी विदाई और नए अध्यक्ष के स्वागत के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताना नहीं भूले. उन्होंने कहा, “मैं पीएम मोदी को धन्यवाद देता हूं जिन्होंने हमें हर कदम पर राह दिखाई. देश का प्रधान सेवक होने के नाते वे बेहद व्यस्त रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पार्टी की छोटी से छोटी बारीकी पर ध्यान दिया. उनकी दी हुई ताकत और विजन की वजह से ही हम अपना कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा कर पाए.”

नड्डा ने अंत में नितिन नबीन को शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में बीजेपी नई ऊंचाइयों को छुएगी. उन्होंने कहा कि पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ता अब नितिन जी के साथ मिलकर ‘विकसित भारत’ के सपने को पूरा करने में जुट जाएंगे.

ये भी पढ़ें: नितिन नबीन ‘वर्तमान’, जानें निवर्तमान हुए जेपी नड्डा का सियासी सफर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital