प्रतिकात्मक फोटो
हरियाणा के पलवल जिले में पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम तौफीक है, जो हथीन खंड के आलीमेव गांव (मेवात) का रहने वाला बताया जा रहा है. पुलिस ने इस कार्रवाई को केंद्रीय जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर की है. तौफीक पर आरोप है कि वह भारतीय सेना से जुड़ी खुफिया और संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेजता था.
आरोपी 2022 में गया था पाकिस्तान
पलवल की सीआईए टीम ने तौफीक के मोबाइल फोन की जांच की, जिसमें उन्हें देशद्रोह से संबंधित कई अहम सबूत बरामद हुए हैं. पूछताछ में सामने आया कि तौफीक 2022 में पाकिस्तान गया था और उसी समय उसने वहां से संपर्क बनाना शुरू किया था. पूछताछ में आरोपी ने यह भी कबूल किया है कि उसने न केवल पाकिस्तान को भारतीय सेना की जानकारी भेजी, बल्कि कुछ लोगों को वीजा लगवाकर पाकिस्तान भी भेजा है.
देशद्रोह व जासूसी के तहत मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, आरोपी तौफीक के खिलाफ देशद्रोह और जासूसी से संबंधित कई गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल खुफिया एजेंसियां और हरियाणा पुलिस मिलकर उससे पूछताछ कर रही हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उसके संपर्क में और कौन लोग हैं तथा उसका नेटवर्क कितना बड़ा है.
जांच एजेंसियों को शक है कि तौफीक किसी संगठित जासूसी नेटवर्क का हिस्सा है, जो भारत की सैन्य जानकारी पाकिस्तान तक पहुंचाने का काम करता था. एजेंसियां अब उसके फोन रिकॉर्ड, बैंक ट्रांजेक्शन और सोशल मीडिया कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं.
अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में जो सबूत मिले हैं, वे काफी गंभीर हैं. अब जांच एजेंसियां उसके नेटवर्क की और ज्यादा जानकारी जुटाने में लगी हैं.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


