Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

पाकिस्तान का बदला रुख! शहबाज शरीफ बोले- पहलगाम हमले की जांच में सहयोग को तैयार

पाकिस्तान ने पहलगाम आतंकी हमले की निष्पक्ष जांच में शामिल होने की इच्छा जताई है. प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भारत को पानी रोकने पर चेतावनी भी दी. पढ़ें पूरी खबर.

Pakistan PM on Pahalgam attack

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ. (फाइल फोटो: IANS)

Pakistan PM on Pahalgam attack: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत के कड़े रुख और बढ़ते दबाव के बीच पाकिस्तान का रवैया नरम पड़ता दिख रहा है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने पहलगाम हमले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच में हिस्सा लेने की इच्छा जताई है.

खैबर-पख्तूनख्वा के काकुल में पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी में कैडेट्स की पासिंग-आउट परेड को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बयान दिया. शरीफ ने कहा, “पहलगाम की हालिया घटना आपसी आरोप-प्रत्यारोप का एक और नमूना है, जिसे पूरी तरह खत्म करना जरूरी है.”

‘पाकिस्तान शांति को प्राथमिकता देता है’

शहबाज शरीफ ने आगे कहा कि एक जिम्मेदार राष्ट्र के तौर पर पाकिस्तान किसी भी विश्वसनीय और निष्पक्ष जांच में शामिल होने के लिए तैयार है. हालांकि, उन्होंने भारत को चेतावनी भी दी. शरीफ ने सख्त लहजे में कहा कि अगर भारत ने पाकिस्तान के हिस्से का पानी रोकने की कोशिश की, तो वे हर संभव कदम उठाएंगे. उन्होंने जोर देकर कहा, “पानी हमारी जीवन रेखा है, और हम अपने इस अधिकार की रक्षा हर हाल में करेंगे.”

शहबाज शरीफ ने अपने भाषण में कहा कि पाकिस्तान शांति को प्राथमिकता देता है और किसी भी संवाद के लिए तैयार है, लेकिन देश की अखंडता और सुरक्षा पर कोई समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने कहा, “कोई भी झूठे आरोपों के भ्रम में न रहे, हमारी सेना देश की रक्षा के लिए पूरी तरह से तैयार और सक्षम है.”

सिंधु जल संधि पर तल्ख टिप्पणी

सिंधु जल संधि को लेकर भी शहबाज शरीफ ने कड़ा रुख अपनाया. उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान के पानी के हिस्से को कम करने या उसका रास्ता बदलने की कोई कोशिश हुई, तो इसका जवाब पूरी ताकत से दिया जाएगा.

पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के नेता बिलावल भुट्टो ने भी सिंधु नदी को लेकर उग्र बयान दिया. सखर में सिंधु नदी के तट पर एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं सिंधु के किनारे खड़े होकर यह ऐलान करता हूं कि यह नदी हमारी थी, है और हमेशा हमारी रहेगी. इस नदी में या तो हमारा पानी बहेगा, या फिर उसका खून जो हमारा हक छीनने की कोशिश करेगा.”


ये भी पढ़ें- लंदन में पाकिस्तानी डिप्लोमैट की शर्मनाक हरकत: भारतीय प्रदर्शनकारियों को अभिनंदन की तस्वीर दिखाकर गला रेतने का इशारा


-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital