LOC के पूंछ सेक्टर में कल दोपहर तीन बजे पाकिस्तान द्वारा किए गए सीमा उल्लंघन के बाद भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया, जिससे पाकिस्तान को भारी नुकसान उठाना पड़ा. सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान में चल रहे आंतरिक विरोध और अशांति से ध्यान भटकाने के लिए यह नापाक साजिश रची गई थी.मिली जानकारी के अनुसार, पाकिस्तानी सेना ने कल दोपहर भारतीय सीमा पर बिना किसी उकसावे के फायरिंग की, जिसका भारतीय सेना ने पूरी ताकत से जवाब दिया.
भारतीय सेना की इस जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हुआ. सूत्रों के अनुसार, इस हमले में कई पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने और घायल होने की खबर है. हालांकि, पाकिस्तान हमेशा की तरह अपने नुकसान को छिपाने की कोशिश कर रहा है.
पाकिस्तान की नापाक साजिशें तेज़
गौरतलब है कि पाकिस्तान बीते कुछ दिनों से लगातार जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहा है. 11 फरवरी की शाम अखनूर सेक्टर में पाकिस्तानी आतंकियों ने IED प्लांट कर हमला किया था, जिसमें भारतीय सेना के कैप्टन समेत दो जवान शहीद हो गए थे. राजौरी के नौशेरा सेक्टर में स्नाइपर अटैक भी किया गया, जिसमें एक जवान घायल हुआ था.
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा आज लेंगे सुरक्षा की समीक्षा
पाकिस्तान की लगातार बढ़ रही नापाक हरकतों को देखते हुए आज जम्मू में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा की अगुवाई में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक होगी. इस बैठक में DGP नलिन प्रभात, IGP जम्मू ज़ोन, CRPF और BSF के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
जम्मू-कश्मीर में रच रही साजिशें
सूत्रों के मुताबिक, पाकिस्तान में वजीरिस्तान और खैबर पख्तूनवा में टीटीपी (तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान) के हमलों से पाकिस्तानी सेना को भारी नुकसान हो रहा है. वहीं, बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) भी पाकिस्तानी सेना और सरकार के खिलाफ जंग छेड़े हुए है.
इसके अलावा, पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में भी पाकिस्तान सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं. पूरी दुनिया में पाकिस्तान एक्सपोज होता जा रहा है. ऐसे में पाकिस्तानी सेना और ISI, पाकिस्तान में मौजूद आतंकियों की मदद से जम्मू-कश्मीर में अशांति फैलाने की साजिश कर रहे हैं.
भारतीय सेना पूरी तरह अलर्ट
भारतीय सेना पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और पाकिस्तान की हर नापाक साजिश का करारा जवाब दे रही है. सेना ने साफ कर दिया है कि किसी भी घुसपैठ या हमले का जवाब कड़े और निर्णायक तरीके से दिया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


