Patna Hostel Case: पटना के गर्ल्स हॉस्टल में मृत मिली NEET की तैयारी कर रही छात्रा के परिजनों से प्रशांत किशोर ने जहानाबाद में मुलाकात की. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाए. प्रशांत किशोर ने इस दौरान पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाया. उन्होंने कहा कि पुलिस ने इस मामले में जल्दबाजी की.
बता दें कि, कुछ दिन पहले पटना के एक गर्ल्स हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की मौत हो गई थी. प्रशासन ने छात्रा की मौत को आत्महत्या करार दिया था. जबकि परिजनों का आरोप था कि छात्रा की रेप कर हत्या की गई है.
पटना में NEET की तैयारी करने वाली छात्रा के साथ ‘रेप’ और उसकी मौत के बाद प्रशांत किशोर जी आज पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए जहानाबाद जा रहे हैं। पुलिस-प्रशासन लगातार इस मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रहा है और मामले को आत्महत्या बता रहा है लेकिन हम इस मामले को दबने नहीं देंगे… pic.twitter.com/hznAcAMqU9
— PK FOR CM (@PK_for_CM) January 16, 2026
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि
इस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने बड़ा सवाल खड़ा कर दिया. रिपोर्ट में बताया गया है कि छात्रा का रेप हुआ है. जबकि पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे आत्महत्या बताया था. पुलिस का कहना था कि मौके पर से नींद की गोलियां बरामद हुई थीं. पुलिस का कहना था कि, मृतका के डिजिटल फुटप्रिंट की जांच पर पता चला कि वो नींद की गोलियों और उसके साइड इफेक्ट को सर्च कर रही थी. हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने अभी चुप्पी साध रखी है.
दोषियों पर तत्काल हो कार्रवाई- प्रशांत किशोर
बुधवार को प्रशांत किशोर मृतका के घर, जहानाबाज के शकूराबाद थाना क्षेत्र स्थित पतियवा गांव पहुंचे. जहां उन्होंने पुलिस पर निशाना साधते हुए जल्दबाजी करने का आरोप लगाया. उन्होंने पुलिस से मांग की कि जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रेप की पुष्टि हो चुकी है तो पुलिस को नए एंगल से जांच करनी चाहिये और दोषियों पर तत्काल कार्रवाई करनी चाहिये.
ये भी पढ़ें- किरकिरी बनी कांग्रेस! हुसैन दलवई बोले भला होता अगर…; BMC Result पर फूटा नेताओं का गुस्सा
पुलिस पर केस मैनेज करने का आरोप
वहीं छात्रा की मां का कहना है कि जिस थाना क्षेत्र में यह घटना हुई है. वहां पुलिस पदाधिकारी उनके परिवार से केस मैनेज करने के लिए कह रहे हैं. उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाते हुए बताया कि पुलिस के अधिकारी लंबी कानूनी लड़ाई से बचने के लिए केस मैनेज करने का दबाव बना रहे हैं.
प्रशांत किशोर ने छात्रा की मां को आश्वासन देते हुए कहा कि यह बिल्कुल भी सही नहीं है. पुलिस प्रशासन को निष्पक्ष होकर काम करने की सलाह दी. उन्होंने कहा कि वे दो दिनों के अंदर पुलिस के उच्च अधिकारियों से मिलकर निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

