PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार के गया से राज्य को दो बड़ी सौगातें देने जा रहे हैं. इस मौके पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में बिहार को आधुनिक ढांचागत विकास और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़ी योजनाओं का उपहार मिलेगा.
सबसे बड़ी सौगात गंगा नदी पर बना देश का पहला सबसे चौड़ा छह लेन पुल है. यह पुल मोकामा के औटा से बेगूसराय के सिमरिया के बीच गंगा नदी पर बनाया गया है. खास बात यह है कि यह पुल अत्याधुनिक एक्सपैंशन केबल तकनीक से तैयार किया गया है.
इस पुल के शुरू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन ना सिर्फ आसान होगा, बल्कि औद्योगिक विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी.
सिमरिया धाम रामधारी सिंह दिनकर का है जन्मस्थल
बेगूसराय जिले के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल सिमरिया धाम से शुरू होने वाला यह पुल पुराने दो लेन रेल सह सड़क पुल राजेंद्र सेतू के समानांतर बनाया गया है. सिमरिया धाम प्रसिद्ध कवि रामधारी सिंह दिनकर का जन्मस्थान भी है. सिमरिया से ही निकलकर रामधारी सिंह दिनकर ने भारतीय साहित्य में अपनी पहचान बनाई.
बुद्ध सर्किट ट्रेन का पीएम मोदी देंगे सौगात
वहीं पीएम मोदी की दूसरी सबसे बड़ी सौगात ‘बुद्ध सर्किट ट्रेन’ है. जो बुद्ध सर्किट से जुड़े स्थलों को जोड़ेगी. यह ट्रेन वैशाली से शुरू होकर नालंदा, राजगीर, गयाजी होते हुए कोडरमा (झारखंड) तक जाएगी. इस रूट पर बौध धर्म से जुड़े तमाम ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों को एक साथ जोड़ा गया है.
ये भी पढ़ें- लोकसभा की कार्यवाही स्थगित: हंगामे की भेंट चढ़ा मानसून सत्र, सिर्फ 37 घंटे हुई चर्चा, एक महीने में 12 बिल पास
लाखों श्रद्धालु आते हैं नालंदा
बता दें कि, वैशाली, नालंदा, राजगीर और गया बुद्ध धर्म के अनुयायियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण स्थान है. यहां देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु हर साल आते हैं.
पीएम मोदी के द्वारा बुद्ध सर्किट ट्रेन चालू करने से बिहार में ना सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा. बल्कि बिहार-झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती मिलेगी.
पीएम मोदी का यह दौरा बिहार की आध्यात्मिक कूटनीति को नई ऊर्जा देने वाला है.
– भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.






