Bharat Express DD Free Dish

मन की बात: डिजिटल अरेस्ट पर पीएम मोदी ने देशवासियों को किया सतर्क

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 131वें एपिसोड में देशवासियों को डिजिटल अरेस्ट और वित्तीय धोखाधड़ी के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी. पीएम ने बताया कि केवल अपने बैंक की शाखा या आधिकारिक ऐप से ही केवाईसी और रिकेवाईसी करें, ओटीपी, पासवर्ड और बैंक जानकारी किसी को नहीं दें.

PM Modi AI Expo 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात के 131वें एपिसोड के जरिए देशवासियों को संबोधित किया. इस दौरान पीएम मोदी ने देशवासियों से डिजिटल अरेस्ट को लेकर बात की.

पीएम मोदी ने कहा कि मेरे प्यारे देशवासियों मन की बात में मैंने आपसे डिजिटल अरेस्ट पर विस्तार से बात की है. इसके बाद देश में डिजिटल अरेस्ट और डिजिटल फ्रॉड को लेकर हमारे समाज में काफी जागरूकता आई है. लेकिन अभी भी हमारे आसपास ऐसी घटनाएं हो रही हैं, जो अक्षम्य हैं. उन्होंने कहा कि निर्दोष लोगों को डिजिटल अरेस्ट और फाइनेंशियल फ्रॉड का निशाना बनाया जा रहा है. कई बार पता चलता है कि किसी वरिष्ठ नागरिक की जीवनभर की कमाई ठग ली गई है.

बुजुर्ग और कारोबारियों पर बढ़ रहा खतरा

उन्होंने कहा कि कभी उन पैसों की ठगी हो जाती है, जो उसने बच्चों की फीस जमा करने के लिए बचाए थे. कारोबारियों से धोखाधड़ी की खबरें भी हमें देखने को मिलती हैं. कोई फोन करता है और कहता है कि मैं एक बड़ा अधिकारी हूं. आपको कुछ डिटेल शेयर करनी होगी. इसके बाद भोले-भाले लोग ऐसा ही कर बैठते हैं. इसलिए आपका सतर्क रहना, जागरूक रहना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि आप सभी केवाईसी की प्रक्रिया को तो जानते ही होंगे. कभी-कभी जब आपको बैंक से केवाईसी अपडेट या रिकेवाईसी करवाने के संदेश आते हैं, तो मन में सवाल उठता है कि मैंने तो पहले ही केवाईसी करवा ली है तो ये फिर क्यों?

पीएम मोदी ने आग्रह करते हुए कहा कि इससे झुंझलाए नहीं. ये आपके पैसे के सुरक्षा के लिए ही है. हम सभी जानते हैं कि आज पेंशन, सब्सिडी, बीमा, यूपीआई सबकुछ बैंक खाते से जुड़ा है. इसी वजह से बैंक समय-समय पर रिकेवाईसी करते हैं. ताकि आपका बैंक खाता सुरक्षित रहे.

उन्होंने कहा कि इसमें भी आपको एक बात याद रखनी है. जो अपराधी हैं, वो फर्जी कॉल करते हैं. एसएमएस और लिंक भेजते हैं, इसलिए हमें सतर्क रहना है और ऐसे धोखेबाजों के झांसे में नहीं आना है. केवाईसी या रिकेवाईसी केवल अपने बैंक की शाखा या आधिकारिक ऐप से ही कराएं. ओटीपी, आधार नंबर या बैंक खाते संबंधी जानकारी किसी को भी न दें. पीएम ने कहा कि सबसे अहम बात अपने पासवर्ड को समय-समय पर जरूर बदलते रहें.

ये भी पढ़ें: जाम का झंझट खत्म! पीएम मोदी ने नमो भारत कॉरिडोर को दिखाई हरी झंडी, बच्चों के साथ किया सफर

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read