पीएम मोदी ने की बैठक.
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री परिषद की अहम बैठक हुई. इस बैठक में देश के भविष्य को लेकर 2047 के लक्ष्य पर विभिन्न मंत्रालयों ने अपनी योजनाएं और रणनीतियां साझा कीं.
CDS ने ऑपरेशन सिंदूर की दी विस्तृत जानकारी
बैठक के दौरान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान ने ऑपरेशन सिंदूर पर एक खास प्रेजेंटेशन दिया. इसमें उन्होंने इस सैन्य अभियान के हर पहलू को विस्तार से बताया. सड़क परिवहन और रेल मंत्रालय ने देश की बुनियादी ढांचे से जुड़ी बड़ी परियोजनाओं की रणनीति साझा की. जल शक्ति मंत्रालय ने “कैच द रेन” अभियान के तहत जल संचयन, जल संरक्षण और सिंधु जल संधि पर आधारित योजनाओं की जानकारी दी.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने मोटापा नियंत्रण पर रखी बात
स्वास्थ्य मंत्रालय ने मोटापे से निपटने के लिए अपनी योजना बताई. इस पर प्रधानमंत्री ने लोगों को जंक फूड से दूरी बनाने और तेल की खपत में 10% की कटौती की सलाह दी. बैठक में सभी मंत्रालयों ने अपने-अपने क्षेत्रों में हुई प्रगति और भविष्य की कार्ययोजनाएं प्रस्तुत कीं. प्रधानमंत्री ने इन प्रयासों की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार के बीते 11 वर्षों की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए.
2047 का लक्ष्य बड़ा, समय कम: प्रधानमंत्री
प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों और अधिकारियों से कहा कि अब वक्त “अतीत से तुलना” का नहीं, बल्कि “भविष्य की तैयारी” का है. उन्होंने कहा कि आने वाले सालों में भारत को तकनीक और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है. मोदी ने दोहराया कि भारत का 2047 का लक्ष्य बहुत बड़ा है. इसे हासिल करने के लिए तेजी से काम करना होगा. उन्होंने कहा कि हर मंत्रालय को अपना योगदान स्पष्ट रूप से तय करना होगा.
सेंट्रल विस्टा में नए सचिवालय में होगा मंत्रालयों का स्थानांतरण
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जल्द ही सभी मंत्रालय सेंट्रल विस्टा परियोजना के तहत बने नए केंद्रीय सचिवालय भवन में स्थानांतरित होंगे. इससे कार्य करने की जगह बढ़ेगी. वहीं, नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक का उपयोग अब अन्य कार्यों के लिए किया जाएगा.
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

