प्रधानमंत्री मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी
Atal Bihari Vajpayee Death Anniversary: आज भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की 7वीं पुण्यतिथि है. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें ‘राष्ट्र की अटूट सेवा’ के लिए याद किया. पीएम मोदी ने कहा कि अटल जी का जीवन और उनके आदर्श हमेशा भारत की प्रगति की राह दिखाएंगे. दिल्ली स्थित ‘सदैव अटल’ स्मारक पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई बड़े नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की.
पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा है कि उनका जीवन राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित था. उन्होंने यह भी कहा कि उनके विचार और आदर्श भारत की प्रगति यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे.
सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दिल्ली स्थिति ‘सदैव अटल’ स्थल पहुंचे. उन्होंने अटल जी को श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स‘ पर एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, “सदैव अटल में अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की. उनका जीवन राष्ट्र की अटूट सेवा के लिए समर्पित था. उनके विचार और आदर्श भारत की प्रगति यात्रा का मार्गदर्शन करते रहेंगे.”
ये भी पढ़ें: कौन होगा NDA का उपराष्ट्रपति उम्मीदवार? इन दो तारीखों में होगा तय; जानें बैठकों का शेड्यूल
इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने अटल बिहारी वाजपेयी और राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा को याद करते हुए ‘एक्स’ पर लिखा, “सभी देशवासियों की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल जी को उनकी पुण्यतिथि पर सादर नमन. राष्ट्र के चौतरफा विकास को लेकर उनका समर्पण और सेवा भाव विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान के लिए हर किसी को प्रेरित करने वाला है.”
कई अन्य नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
अटल बिहारी की पुण्यतिथि पर शनिवार को ‘सदैव अटल’ स्थल पर श्रद्धांजलि सभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश शामिल हुए. सभी नेताओं ने पुष्प अर्पित कर अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी. केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू और गजेंद्र सिंह शेखावत, जदयू सांसद संजय झा और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्य तिथि पर उनके स्मारक ‘सदैव अटल’ पर पहुंचे थे.
अटल बिहारी वाजपेयी की 7वीं पुण्यतिथि
इस बार अटल जी की 7वीं पुण्यतिथि है. 16 अगस्त 2018 को उनका निधन हुआ था. वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था. जनता के बीच प्रसिद्ध अटलजी अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता के लिए जाने जाते थे. वे तीन बार प्रधानमंत्री बने. अटल बिहारी वाजपेयी 16 से 31 मार्च, 1996 तक और फिर 19 मार्च, 1998 से 13 मई, 2004 तक देश के प्रधानमंत्री रहे.
ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR की टेंशन खत्म! PM मोदी देंगे तोहफा भारत के पहले 8-लेन एलिवेटेड एक्सप्रेसवे का तोहफा
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.





