Bharat Express DD Free Dish

अयोध्या में ऐतिहासिक क्षण! पहुंचते ही क्या बोले पीएम मोदी? मुहूर्त में होगा ‘ध्वजारोहण’

PM Modi In Ayodhya: पीएम मोदी राम जन्मभूमि मंदिर में ‘ध्वजारोहण’ समारोह में हिस्सा लेने के लिए अयोध्या पहुंचे हैं. उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या आगमन पर उनका स्वागत किया.

PM Modi Reaches Ayodhya for Historic Dharm Dhawj Arohan at Ram Mandir On Vivah Panchami

श्रीराम के दर पर PM मोदी

PM Modi In Ayodhya: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक अनुष्ठान के लिए अयोध्या धाम पहुंच चुके हैं. आज विवाह पंचमी के शुभ अवसर पर पीएम मोदी श्री राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर ‘ध्वजारोहण’ समारोह में हिस्सा लेंगे. महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. मंदिर के गर्भगृह में जाने से पहले पीएम मोदी ने एक भव्य रोड शो किया और सप्तऋषियों के मंदिरों में शीश झुकाया. यह दौरा न केवल राजनीतिक बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक रूप से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है.

पीएम मोदी मंगलवार को दिल्ली से अयोध्या के महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पहुंचे. यहां से हेलीकॉप्टर के जरिए वे साकेत महाविद्यालय गए. इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह से पहले अयोध्या में रोड शो किया है, जिसके जरिए वे राम मंदिर तक पहुंचेंगे. अयोध्या पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा.

“श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ध्वजारोहण उत्सव में भाग लेने के लिए अयोध्या पहुंचा हूं.”

बेहद खास है पीएम मोदी का दौरा

प्रधानमंत्री मोदी का यह अयोध्या दौरा आध्यात्मिक रूप से बेहद खास है. वे महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी मंदिर में शीश झुकाएंगे. इसके बाद वे शेषावतार मंदिर भी जाएंगे. सुबह करीब 11 बजे माता अन्नपूर्णा मंदिर भी जाएंगे. इसके बाद राम दरबार गर्भगृह में दर्शन-पूजन करेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा-

“सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हार्दिक स्वागत और अभिनंदन.”

नागर आर्किटेक्चरल स्टाइल का झंडा

झंडा पारंपरिक उत्तर भारतीय नागर आर्किटेक्चरल स्टाइल में बने शिखर पर फहराया जाएगा, जबकि मंदिर के चारों ओर बना 800 मीटर का परकोटा मंदिर की आर्किटेक्चरल विविधता को दिखाता है. मंदिर परिसर में मुख्य मंदिर की बाहरी दीवारों पर वाल्मीकि रामायण पर आधारित भगवान श्री राम के जीवन से जुड़े 87 बारीकी से पत्थर पर उकेरे गए प्रसंग हैं. घेरे की दीवारों पर भारतीय संस्कृति से जुड़े 79 कांस्य-ढाल वाले प्रसंग रखे गए हैं.

इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय

दोपहर करीब 12 बजे अभिजित मुहूर्त में, पीएम मोदी मंदिर के मुख्य शिखर पर 10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा भगवा ध्वज फहराएंगे. इस ध्वज पर भगवान राम की वीरता के प्रतीक सूरज, कोविदारा पेड़ और ‘ॐ’ अंकित है, जो रामराज्य के आदर्शों और सांस्कृतिक निरंतरता का संदेश देता है. नागर शैली में बने शिखर पर यह ध्वजारोहण और मंदिर की दीवारों पर उकेरे गए वाल्मीकि रामायण के 87 प्रसंग, भारतीय वास्तुकला और आध्यात्मिकता के संगम को प्रदर्शित करते हैं. पीएम मोदी का यह दौरा अयोध्या के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जोड़ देगा.

ये भी पढ़ें: अयोध्या ध्वजारोहण समारोह: पहली तस्वीर ने बढ़ाया रोमांच; क्या है सूर्य-ॐ की खासियत?

नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read