दुर्गापुर में पीएम मोदी
West Bengal News: आज 18 जुलाई 2025, शुक्रवार को पीएम मोदी बिहार के मोतिहारी समेत पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर पहुंचे. यहां उन्होंने प्रदेश को विकास की सौगात दी. प्रधानमंत्री ने 5,400 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. इसमें तेल और गैस, बिजली, रेल और सड़क क्षेत्रों में प्रमुख कार्य शामिल हैं. इससे प्रदेश के बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा. सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल की ममता बनर्जी सरकार को जमकर निशाने पर लगा और प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर सवालिया निशान भी खड़े किए.
पीएम मोदी ने टीएमसी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि पार्टी कोलकाता में हाल ही में हुए गैंगरेप मामले में आरोपियों को बचाने का काम कर रही है. पश्चिम बंगाल सरकार प्रदेश के विकास में बाधा डाल रही है. इसी कारण प्रदेश में निवेश नहीं आ रहा है. कई आरोपियों के तृणमूल से संबंध पाए जाते हैं.
दो बड़े कार्यों का आधारशिला और उद्घाटन
- बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) की 1,950 करोड़ रुपये की सिटी गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखी.
- प्रधानमंत्री ऊर्जा गंगा (पीएमयूजी) पहल के तहत रखी गई दुर्गापुर-हल्दिया प्राकृतिक गैस पाइपलाइन के दुर्गापुर-कोलकाता खंड (132 किमी) को राष्ट्र को समर्पित किया.
क्यों कहा महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं?
दुर्गापुर में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आपने देखा होगा कि यहां एक युवा डॉक्टर के साथ अत्याचार हुआ तो टीएमसी सरकार आरोपियों को बचाने में लगी रही. देश उस घटना से उबरा भी नहीं था कि एक अन्य कॉलेज में एक अन्य युवती के साथ भयानक अपराध हुआ. उस मामले में भी आरोपियों के टीएमसी से संबंध पाए गए.
प्रधानमंत्री ने टीएमसी के कानून और व्यवस्था के रिकॉर्ड पर हमला करते हुए कहा कि टीएमसी राज्य में सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करने में विफल रही है. पश्चिम बंगाल में मुर्शिदाबाद जैसे दंगे होते हैं और पुलिस एकतरफा कार्रवाई करती है. पश्चिम बंगाल में न्याय की कोई किरण नहीं है. राज्य सरकार राज्य के लोगों की जिंदगी की रक्षा नहीं कर सकती.
पीएम मोदी ने बताया कौन लेता है ‘गुंडा टैक्स’
पीएम मोदी ने टीएमसी पर व्यवसायियों से पैसे वसूलने और राज्य में आर्थिक विकास में बाधा डालने का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में व्यवसायियों से पैसे मांगे जा रहे हैं. टीएमसी के लोग उन्हें धमकाते हैं. टीएमसी का ‘गुंडा टैक्स’ राज्य में निवेश को रोकता है. उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ पार्टी पश्चिम बंगाल में निवेश और नौकरी सृजन के खिलाफ है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




