प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 और 30 मई को सिक्किम, पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे. इस दौरान वे 70,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने यह जानकारी बुधवार को दी.
29 मई को प्रधानमंत्री का दौरा सिक्किम से शुरू होगा, जहां वे सुबह 11 बजे “Sikkim@50: Where Progress meets purpose and nature nurtures growth” कार्यक्रम में भाग लेंगे. यह कार्यक्रम सिक्किम के राज्य बनने के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है. राज्य सरकार ने इस अवसर पर “सुनौलो, समृद्ध और समर्थ सिक्किम” थीम के तहत वर्ष भर चलने वाले कार्यक्रमों की योजना बनाई है.
अहम परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास
इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कई अहम परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इनमें नामची जिले में लगभग 750 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला 500 बेड का जिला अस्पताल, पेलिंग में सांगाचोएलिंग से जुड़ने वाला पैसेंजर रोपवे, और गंगटोक के संखोला में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा शामिल हैं. इसके अलावा, सिक्किम राज्य के 50 वर्षों की स्मृति में एक स्मारक सिक्का, स्मृति चिन्ह और डाक टिकट भी जारी किए जाएंगे.
इसके बाद प्रधानमंत्री दोपहर करीब 2:15 बजे पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार पहुंचेंगे. यहां वे अलीपुरद्वार और कूचबिहार जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना का शिलान्यास करेंगे. लगभग 1,010 करोड़ रुपये की यह परियोजना 2.5 लाख से अधिक घरों में पाइप गैस (PNG) पहुंचाएगी, 100 से ज्यादा व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और औद्योगिक इकाइयों को लाभ देगी, और करीब 19 सीएनजी स्टेशन स्थापित किए जाएंगे. इससे रोजगार बढ़ेगा और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.
शाम करीब 5:45 बजे प्रधानमंत्री बिहार पहुंचेंगे, जहां वे पटना हवाई अड्डे के नए यात्री टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे. करीब 1,200 करोड़ रुपये की लागत से बने इस टर्मिनल में सालाना एक करोड़ यात्रियों की क्षमता होगी. साथ ही वे बिहटा एयरपोर्ट के नए सिविल एन्क्लेव की नींव रखेंगे, जिसकी लागत लगभग 1,410 करोड़ रुपये है.
बिहार में 48,520 करोड़ रुपये की परियोजनाएं
30 मई को प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे बिहार के करकट में विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पण करेंगे, जिनकी कुल लागत 48,520 करोड़ रुपये से अधिक है. इस दौरान वे औरंगाबाद जिले में 3×800 मेगावाट के नवीनगर सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट स्टेज-II की आधारशिला रखेंगे. करीब 29,930 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना राज्य में बिजली उत्पादन, औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन को गति देगी.
सड़क क्षेत्र में, प्रधानमंत्री कई महत्वपूर्ण राजमार्ग परियोजनाओं की नींव रखेंगे, जिनमें पटना-आरा-सासाराम NH-119A का चौड़ीकरण, वाराणसी-रांची-कोलकाता हाईवे NH-319B का छह लेन विस्तार, रामनगर-कच्ची दरगाह NH-119D और बक्सर-भरौली के बीच गंगा पुल का निर्माण शामिल है. इसके अलावा, वे पटना-गया-डोभी NH-22 के चार लेन विस्तार और गोपालगंज टाउन NH-27 के उन्नयन का उद्घाटन करेंगे.
रेल क्षेत्र में, सोन नगर से मोहम्मदगंज के बीच तीसरी रेल लाइन (लागत 1,330 करोड़ रुपये) राष्ट्र को समर्पित की जाएगी, जिससे रेल नेटवर्क की क्षमता और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में सुधार होगा.
कानपुर (उत्तर प्रदेश) में 20,900 करोड़ रुपये की योजनाएं
दोपहर करीब 2:45 बजे प्रधानमंत्री उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर पहुंचेंगे, जहां वे लगभग 20,900 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे. यहां वे चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक के मेट्रो रूट का उद्घाटन करेंगे, जिसकी लागत करीब 2,120 करोड़ रुपये है. यह सेक्शन 14 स्टेशनों वाला है, जिनमें पांच भूमिगत स्टेशन हैं.
ऊर्जा क्षेत्र में, प्रधानमंत्री यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक क्षेत्र (YEIDA) में सेक्टर 28 स्थित 220 केवी सबस्टेशन की आधारशिला रखेंगे और ग्रेटर नोएडा में 132 केवी के दो सबस्टेशनों का उद्घाटन करेंगे. साथ ही वे 660 मेगावाट की पनकी थर्मल पावर विस्तार परियोजना (8,300 करोड़ रुपये) और घाटमपुर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की तीन 660 मेगावाट इकाइयों (9,330 करोड़ रुपये) का उद्घाटन करेंगे.
इसके अलावा, पनकी पावर हाउस रेलवे क्रॉसिंग और पनकी धाम क्रॉसिंग पर बने रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण किया जाएगा, जो पनकी थर्मल पावर स्टेशन की लॉजिस्टिक्स सुविधा और क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएंगे.
कल्याण योजनाएं: लाभार्थियों को चेक और प्रमाणपत्र वितरित
प्रधानमंत्री कानपुर में 290 करोड़ रुपये की लागत से बने 40 एमएलडी टर्शरी ट्रीटमेंट प्लांट का उद्घाटन भी करेंगे, जो अपशिष्ट जल का पुनः उपयोग सुनिश्चित करेगा और जल संरक्षण को बढ़ावा देगा. रक्षा गलियारे के तहत, नारवल मोड़ (AH-1) को कानपुर डिफेंस नोड से जोड़ने वाली चार लेन सड़क और गौरिया पाली मार्ग के विस्तार का शिलान्यास भी किया जाएगा.
कार्यक्रम के अंत में प्रधानमंत्री विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं जैसे पीएम आयुष्मान वय वंदना योजना, राष्ट्रीय आजीविका मिशन, और पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और चेक वितरित करेंगे.
प्रधानमंत्री मोदी की यह दो दिवसीय यात्रा देश के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, कनेक्टिविटी बढ़ाने और क्षेत्रीय विकास को गति देने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है.
ये भी पढ़ें: एनडीए सरकार एनटी रामाराव गारू के विजन को पूरा कर रही: पीएम मोदी
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.



