Bharat Express DD Free Dish

पीएम मोदी ने कर्पुरी ठाकुर को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि, बोले- हमेशा से सादगी और जनसेवा के प्रति रहे समर्पित

भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की. पीएम मोदी ने उनके सादगीपूर्ण जीवन और सामाजिक न्याय के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें ‘मां भारती का अनमोल रत्न’ बताया.

PM Narendra Modi Tribute Karpoori Thakur Birth Anniversary

आज यानी 24 जनवरी के ही दिन भारत रत्न और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पुरी ठाकुर का जन्मदिन है. इस खास अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी. पीएम मोदी ने उनके सादगी और उनके जनसेवा के प्रति समर्पण को याद किया.

हमेशा वंचितों का किया उत्थान

सोशल मीडिया एक्स के जरिए पीएम मोदी ने लिखा, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री भारत रत्न जननायक कर्पूरी ठाकुर जी को उनकी जयंती पर सादर नमन. समाज के शोषित, वंचित और कमजोर वर्गों का उत्थान हमेशा उनकी राजनीति के केंद्र में रहा.

प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट में आगे लिखा कि अपनी सादगी और जनसेवा के प्रति समर्पण भाव को लेकर वे सदैव स्मरणीय एवं अनुकरणीय रहेंगे.

उनकी ईमानदारी की मिसाल

इस अवसर पर पीएम मोदी ने अपने एक भाषण का छोटा-सा अंश भी शेयर किया. उन्होंने भाषण में कहा, “कर्पूरी ठाकुर हमेशा अपनी सादगी के लिए जाने जाते थे. उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय और वंचितों के उत्थान के लिए समर्पित रहा. आज भी उनकी ईमानदारी की मिसाल दी जाती है. वो मां भारती के अनमोल रत्न थे. उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने का सौभाग्य हमारी सरकार को मिला. यह हमारे लिए सम्मान की बात है.”

उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार जननायक कर्पूरी ठाकुर को प्रेरणा पुंज मानती है. वंचितों को वरीयता, पिछड़ों को प्राथमिकता और गरीब की सेवा, हम इस संकल्प के साथ आगे बढ़े हैं.

सामाजिक न्याय के अनुकरणीय आदर्श

कर्पूरी ठाकुर की जयंती के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी उन्हें याद किया. शाह ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “सामाजिक न्याय के पुरोधा, ‘भारत रत्न’ जननायक कर्पूरी ठाकुर जी की जयंती पर उन्हें स्मरण कर नमन करता हूं. वंचितों, पिछड़ों, महिलाओं के साथ-साथ आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए आरक्षण की व्यवस्था कर उन्होंने सामाजिक न्याय के अनुकरणीय आदर्श स्थापित किए.”

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘भारत रत्न’ कर्पूरी ठाकुर की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा, “सामाजिक न्याय, समता और जनकल्याण के लिए उनका संघर्ष सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा.”

ये भी पढ़ें: UP Diwas 2026: बीते 9 साल में बीमारू से बेमिसाल प्रदेश बना यूपी- पीएम मोदी

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read