लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने राहुल गांधी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना भी की. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर पोस्ट किया, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को उनके जन्मदिन पर बहुत-बहुत शुभकामनाएं. उनके अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करता हूं.”
Best wishes to the Leader of the Opposition in the Lok Sabha, Shri Rahul Gandhi Ji on his birthday. Praying for his good health and long life. @RahulGandhi
— Narendra Modi (@narendramodi) June 19, 2026
ओम बिरला और मल्लिकार्जुन खड़गे ने दीं शुभकामनाएं
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने लिखा, “लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं. ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं.” वहीं, राहुल गांधी के जन्मदिन पर कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पोस्ट किया, “राहुल गांधी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. संविधान के आदर्शों के प्रति आपकी अटूट निष्ठा और अनसुनी आवाजों के लिए आपकी बेबाक लड़ाई ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है.”
खड़गे ने आगे लिखा कि कांग्रेस पार्टी की सबको साथ लेकर चलने की परंपरा, सामाजिक न्याय, सद्भाव और करुणा की भावना आपके सार्वजनिक जीवन और नेतृत्व में झलकती है. लोगों के साथ लगातार जुड़ाव और सत्ता के सामने सच बोलने के आपके साहस के जरिए, आपने हमेशा सबसे कमजोर और हाशिए पर रहने वाले लोगों के हितों की वकालत की है. ईश्वर आपको अच्छा स्वास्थ्य, खुशी, शक्ति और देश की सेवा में लंबी उम्र प्रदान करे.
अमेठी से शुरू हुआ था संसदीय सफर
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश के रायबरेली से सांसद राहुल गांधी शुक्रवार को 56 साल के हो गए. 1970 में जन्मे राहुल गांधी ने 2004 में औपचारिक रूप से राजनीति में कदम रखा, जब उन्होंने उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, जिसका प्रतिनिधित्व पहले उनके पिता करते थे. उन्होंने शानदार जीत हासिल की और अपने संसदीय करियर की शुरुआत की.
सितंबर 2007 में, उन्हें कांग्रेस महासचिव नियुक्त किया गया. जनवरी 2013 में, राहुल गांधी को कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया. बाद में 16 दिसंबर 2017 को उन्होंने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष का पद संभाला. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने कई चुनावों में पार्टी का नेतृत्व किया.
2019 में अध्यक्ष पद से इस्तीफा
लोकसभा चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद जुलाई 2019 में राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था. वहीं, 9 जून 2024 को कांग्रेस की ओर से वे आधिकारिक तौर पर लोकसभा में विपक्ष के नेता बनाए गए. यह राजनीति में उनका पहला औपचारिक संवैधानिक पद था.
ये भी पढ़ें: युवाओं की बल्ले-बल्ले: नौकरी मिलते ही खाते में आएंगे 15,000 रुपये, पीएम मोदी बांटेंगे 2400 करोड़ का मेगा तोहफा
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




