Women Reservation Bill: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को देश को संबोधित करते हुए महिला आरक्षण के मुद्दे पर अपनी बात रखी. उन्होंने शुरुआत ही देश की माताओं, बहनों और बेटियों से माफी मांगते हुए की. पीएम ने कहा कि तमाम कोशिशों के बावजूद संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पास नहीं हो पाया और इसके लिए वे क्षमा चाहते हैं.
विपक्षी दलों पर निशाना
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी को कठघरे में खड़ा किया. उन्होंने कहा कि इन दलों की राजनीति ने महिलाओं के सपनों को कुचल दिया और उनकी प्रगति को रोक दिया. मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर भी हमला बोला और कहा कि महिला आरक्षण का विरोध करना नारी शक्ति का अपमान है.
नारी शक्ति का आशीर्वाद
पीएम ने कहा कि भले ही संसद में बिल पास कराने के लिए जरूरी वोट नहीं मिले लेकिन देश की 100 फीसदी नारी शक्ति का आशीर्वाद उनके साथ है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाली हर रुकावट को दूर किया जाएगा.
महिलाओं के सपनों को रोका गया
पीएम मोदी ने कहा कि आज हर नागरिक देख रहा है कि किस तरह महिलाओं की उड़ान को रोका गया. उनके सपनों को बेरहमी से कुचल दिया गया. उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण का विरोध करके पाप किया है और उन्हें इसकी सजा जरूर मिलेगी.
संविधान का अपमान
पीएम ने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक को हराकर विपक्ष ने संविधान का अपमान किया है. उन्होंने कहा कि इस विधेयक का मकसद किसी से कुछ छीनना नहीं बल्कि महिलाओं को सशक्त करना था.
कांग्रेस से निराशा
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि कांग्रेस अपनी पुरानी गलतियों को सुधारने का मौका लेगी लेकिन उसने नया इतिहास बनाने का अवसर गंवा दिया. उन्होंने कहा कि परिवारवादी पार्टियां नहीं चाहतीं कि महिलाएं आगे बढ़ें क्योंकि इससे उनकी राजनीति खत्म हो सकती है.
विभाजनकारी राजनीति का आरोप
पीएम ने कांग्रेस पर उत्तर-दक्षिण विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि महिलाएं सब कुछ भूल सकती हैं लेकिन अपना अपमान कभी नहीं भूलतीं.
महिलाओं के दिल में अपमान
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों द्वारा किया गया अपमान हर महिला के दिल में हमेशा रहेगा. उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन समय की मांग है और यह पूरे देश में समान सशक्तिकरण सुनिश्चित करने का प्रयास है.
विकास विरोधी राजनीति
पीएम ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्र निर्माण और विकास के प्रयासों का विरोध किया है. उन्होंने कहा कि हर राज्य की शक्ति समान रूप से बढ़ाने की कोशिश थी, लेकिन विपक्ष ने इसे विफल कर दिया.
ये भी पढ़ें-दिल्ली कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, IRS अफसर के घर जबरन घुसने पर CBI अधिकारी और पुलिसकर्मी को सजा
महिलाओं को भरोसा दिलाया
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस अब क्षेत्रीय दलों के सहारे खुद को जिंदा रखने की कोशिश कर रही है. उन्होंने कहा कि आज देश की माताएं, बहनें और बेटियां दुखी हैं और वे भी इस दुख में शामिल हैं लेकिन उन्होंने वादा किया कि उनका प्रयास रुकेगा नहीं और महिला आरक्षण को लागू करने के लिए आगे भी कोशिशें जारी रहेंगी.
Also Follow Bharat Express on Youtube
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
