फिजी के पीएम सिटिवेनी राबुका का भारत दौरा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का ‘बॉस’ बताने वाले फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामादा राबुका 4 दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं. यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है. वह रविवार को दिल्ली पहुंचे, जहां केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने उनका स्वागत किया.
Sitiveni Rabuka पत्नी के साथ भारत पहुंचे
फिजी के प्रधानमंत्री Sitiveni Rabuka के साथ उनकी पत्नी सुलुएती राबुका भी हैं. प्रतिनिधिमंडल में स्वास्थ्य मंत्री रातू अटोनियो लालबालावु और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं. फिजी पीएम के दिल्ली पहुंंचने की जानकारी भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिए दी. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने लिखा- “फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका (Sitiveni Rabuka) का अपनी पहली यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचने पर हार्दिक स्वागत है. प्रधानमंत्री राबुका का एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने स्वागत किया. यह यात्रा विविध क्षेत्रों में साझेदारी को और गहरा करेगी.”
पीएम मोदी करेंगे प्रधानमंंत्री राबुका से मुलाकात
अपनी भारत यात्रा के दौरान फिजी के प्रधानमंत्री सोमवार को पीएम नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे. प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से फिजी के पीएम के लिए लंच का आयोजन होगा. इसके बाद प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका भारतीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे. बता दें कि राष्ट्रपति मुर्मू ने अगस्त 2024 में फिजी का दौरा किया था.
भारतीय विदेश मंत्रालय का मानना है कि प्रधानमंत्री राबुका (Sitiveni Rabuka) की यह यात्रा भारत और फिजी के बीच लंबे समय से चले आ रहे मजबूत और स्थायी संबंधों को रेखांकित करती है. यह यात्रा दोनों देशों की द्विपक्षीय संबंधों को सभी क्षेत्रों में मजबूत करने और हमारे लोगों के बीच संबंधों को और गहरा करने की प्रतिबद्धता की पुष्टि करती है.
यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत और फिजी ने जुलाई 2025 में सुवा, फिजी में विदेश कार्यालय परामर्श (एफओसी) के छठे दौर का आयोजन किया था. इस दौरान दोनों देशों ने स्वास्थ्य, शिक्षा, क्षमता निर्माण, व्यापार और निवेश, कृषि, नवीकरणीय ऊर्जा, जलवायु परिवर्तन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा की और उसे बढ़ाने पर चर्चा की.
भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्रालय की सचिव (दक्षिण) नीना मल्होत्रा ने किया, जबकि फिजी की ओर से विदेश मामलों की स्थायी सचिव राइजेली टागा ने प्रतिनिधित्व किया. दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और उच्च स्तरीय राजनीतिक संपर्क बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई.
Also Follow Bharat Express on X
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




