Bharat Express DD Free Dish

पीवी सिंधु बनी जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय; पीएम मोदी ने दी बधाई

स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने अकाने यामागुची को हराकर जापान ओपन 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. पीएम मोदी, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृह मंत्री अमित शाह ने उन्हें बधाई दी है.

PM Modi congratulates PV Sindhu Creates History Becomes First Indian To Win Japan Open

भारत की स्टार शटलर पीवी सिंधु ने एक बार फिर दुनिया में देश का डंका बजा दिया है. रविवार को टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में खेले गए बीडब्ल्यूएफ जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट के फाइनल में सिंधु ने इतिहास रच दिया. उन्होंने घरेलू दर्शकों की पसंदीदा और चार बार की चैंपियन अकाने यामागुची को सीधे गेमों में 21-17, 21-17 से करारी शिकस्त दी.

इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु जापान ओपन का खिताब अपने नाम करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं. इस खिताबी जीत के साथ ही उनका बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतने का दो साल लंबा इंतजार भी खत्म हो गया.

पीएम मोदी ने थपथपाई पीठ

सिंधु की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी और इसे भारतीय बैडमिंटन के लिए एक बड़ा मील का पत्थर बताया. पीएम मोदी की बधाई पर आभार जताते हुए सिंधु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक बेहद भावुक पोस्ट लिखा.

सिंधु ने लिखा, ‘बहुत-बहुत धन्यवाद, माननीय प्रधानमंत्री सर. आपकी शुभकामनाएं मेरे लिए बहुत मायने रखती हैं. टोक्यो ओलंपिक के बाद आपके साथ आइसक्रीम खाना और आपके दफ्तर में हुई वो मुलाकातें मेरे जीवन की अनमोल यादें हैं, जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगी.’

सिंधु ने पीएम के काम करने के तरीके की तारीफ करते हुए आगे लिखा कि जब भी वह उनसे मिली हैं, उन्होंने देश के प्रति पीएम का समर्पण देखा है. एक के बाद दूसरी मीटिंग करना और देर रात तक देश सेवा में जुटे रहना वाकई हर युवा के लिए प्रेरणा है.

राष्ट्रपति और गृह मंत्री ने जताया गर्व

टोक्यो में सिंधु का यह सफर बेहद शानदार रहा. फाइनल में पहुंचने से पहले उन्होंने टोक्यो ओलंपिक चैंपियन चेन यू फेई और दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यू को शिकस्त देकर अपने इरादे साफ कर दिए थे.

इस महाजीत पर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी सिंधु को बधाई दी और कहा कि यह जीत देश के लाखों युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी. वहीं, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सिंधु की लगन की तारीफ करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक खिताबी जीत से आज पूरे देश का सीना गर्व से चौड़ा हो गया है.

ये भी पढ़ें: फुटबॉल या फॉकलैंड का युद्ध? चेल्सी के एंजो फर्नांडीज के गोल पर मचा बवाल, ब्रिटिश राजनीति में आया भूचाल

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read