Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Bharat Nyay Yatra: 14 जनवरी से ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे राहुल गांधी, मणिपुर से मुंबई होगा रूट

राहुल गांधी ‘भारत न्याय यात्रा’ के दौरान 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करेंगे, जिसे इंफाल में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे हरी झंडी दिखाएंगे.

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ( फाइल फोटो)

भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी ( फाइल फोटो)

Rahul Gandhi Bharat Nyay Yatra: कांग्रेस नेता राहुल गांधी अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए देश के उत्तरपूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने वाली यात्रा शुरू करने के लिए तैयार हैं. राहुल गांधी 14 जनवरी से अपनी ‘भारत न्याय यात्रा’ शुरू करेंगे, जो मणिपुर से मुंबई तक 6,200 किलोमीटर की यात्रा होगी. चुनाव से पहले 20 मार्च को समाप्त होने वाली इस यात्रा को पिछले साल उनकी उत्तर-दक्षिण ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का दूसरा चरण कहा जा रहा है.

14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करेंगे राहुल गांधी

हालांकि, बीजेपी ने कांग्रेस की इस यात्रा पर चुटकी ली और कहा कि लोगों ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के विचार को खारिज कर दिया है. राहुल गांधी ‘भारत न्याय यात्रा’ के दौरान 14 राज्यों और 85 जिलों को कवर करेंगे, जिसे इंफाल में कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे हरी झंडी दिखाएंगे.

कांग्रेस नेता इस यात्रा के दौरान जिन राज्यों को कवर करेंगे उनमें मणिपुर, नागालैंड, असम, मेघालय, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल होंगे. इसमें बस यात्रा के साथ-साथ पदयात्रा भी शामिल होगी. कांग्रेस ने कहा कि ‘भारत न्याय यात्रा’ देश के लोगों के लिए आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय सुनिश्चित करने के लिए होगी.

यह भी पढ़ें: S jaishankar Visit Russia: “रूस के लोगों को भारत के बारे पता नहीं…” मॉस्को में भारतीयों से बोले एस जयशंकर

मणिपुर से यात्रा शुरू करने की क्या है वजह?

हिंसा प्रभावित मणिपुर को यात्रा की शुरुआत के लिए चुनने पर कांग्रेस ने कहा कि पार्टी लोगों के घावों पर मरहम लगाने की प्रक्रिया शुरू करना चाहती है. वहीं बीजेपी ने निशाना साधते हुए कहा कि कुछ नारे गढ़कर लोगों को बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता.

बीजेपी प्रवक्ता नलिन कोहली ने कहा, “भारत के लोगों ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के विचार को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया था क्योंकि राहुल गांधी और कांग्रेस इन दृष्टिकोणों में दोहरापन नहीं रख सकते. उन्हें लगता है कि कुछ नारे गढ़कर भारत के लोगों को मूर्ख बनाया जा सकता है.” उन्होंने कहा, ”असली न्याय” 2014 से पीएम मोदी की सरकार में दिया जा रहा है.”

पहले ‘भारत जोड़ो यात्रा’ कर चुके हैं राहुल गांधी

बता दें कि राहुल गांधी ने पिछले साल सितंबर में कन्याकुमारी से अपनी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू की थी. पांच महीने का पदयात्रा जिसमें हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ-साथ विपक्षी नेताओं की भागीदारी देखी गई थी. यह यात्रा जनवरी में श्रीनगर में समाप्त हुई. कांग्रेस नेताओं ने कर्नाटक और तेलंगाना में पार्टी के चुनावी प्रदर्शन के लिए व्यापक रूप से भारत जोड़ो यात्रा को श्रेय दिया था. इस साल हुए चुनाव में कांग्रेस ने कर्नाटक में बीजेपी और तेलंगाना में बीआरएस से सत्ता छीन ली थी.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

Latest