Urdu Conclave 2026

अजमेर में बड़ा हादसा: खाटू श्याम मंदिर समिति की फॉर्च्यूनर ने कई बाइकों को रौंदा, एक की मौत; पुजारी पर शराब के नशे का आरोप

राजस्थान के पुष्कर घाटी क्षेत्र में सोमवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहाँ श्री श्याम मंदिर सेवा समिति के नाम पर रजिस्टर्ड एक फॉर्च्यूनर कार ने 4-5 बाइकों को टक्कर मार दी, जिसमें अजमेर निवासी रवि नामक युवक की मौत हो गई.

Khatu Shyam Mandir, Pushkar Accident, Ajmer Road
Edited by Radha Priya

Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है. सुप्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर समिति की एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार ने पुष्कर घाटी के पास कई मोटरसाइकिल सवारों को बेरहमी से कुचल दिया. इस भयानक एक्सीडेंट में एक युवक की जान चली गई है, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गाड़ी को कोई और नहीं, बल्कि मंदिर से जुड़े पुजारी दिग्विजय सिंह चला रहे थे और उन पर शराब के नशे में धुत्त होने का गंभीर आरोप लगा है.

यह पूरी घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने एक के बाद एक करीब 4 से 5 बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान रवि नाम के एक युवक ने दम तोड़ दिया.

चार बहनों का अकेला भाई था मृतक रवि

इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को कभी न भूलने वाला जख्म दिया है. जान गंवाने वाला रवि अजमेर का ही रहने वाला था और पेशे से पेंटर था. वह अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला जरिया था. रवि के पिता किशोर कुमार रेलवे से रिटायर्ड हैं. रवि की चार बहनें हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है. इस घटना के बाद से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है.

कार में मिलीं शराब की बोतलें

हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा किया. लोगों का सीधा आरोप है कि दुर्घटना के वक्त पुजारी दिग्विजय सिंह बुरी तरह नशे में था. मौके पर मौजूद भीड़ ने दावा किया कि उन्होंने फॉर्च्यूनर कार के अंदर से शराब की बोतलें भी बरामद की हैं. हालांकि, इस संवेदनशील मामले पर पुलिस अभी फूंक-फूंककर कदम रख रही है और कोई भी आधिकारिक बयान देने से बच रही है.

ये भी पढ़ें- इसे कहते हैं दर्दनाक मौत, बालाघाट में चलती ओमनी बनी आग का गोला, चालक के साथ जो हुआ उड़ा देगा होश

गाड़ी पर पहले से पेंडिंग थे 9 चालान

दुर्घटना का शिकार बनी व्हाइट कलर की फॉर्च्यूनर कार (नंबर RJ 23 UB 7031) ‘श्री श्याम मंदिर सेवा समिति’ के नाम पर ही रजिस्टर्ड है. जब इस गाड़ी का रिकॉर्ड खंगाला गया तो एक और बड़ा खुलासा हुआ. इस वीआईपी गाड़ी पर ओवरस्पीडिंग और ट्रैफिक नियम तोड़ने के करीब 9 चालान फरवरी 2025 से ही पेंडिंग पड़े हुए थे. अब स्थानीय लोग और सोशल मीडिया पर लोग पुलिस प्रशासन से भी यह सवाल पूछ रहे हैं कि इतने महीनों से इस गाड़ी पर कोई ठोस एक्शन क्यों नहीं लिया गया?

फिलहाल मृतक रवि के लाचार पिता की शिकायत पर पुष्कर थाने में केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की बारीकी से तफ्तीश शुरू कर दी है, लेकिन इस हाई-प्रोफाइल हादसे ने मंदिर प्रबंधन से लेकर पुलिसिया कार्रवाई तक, सबको कटघरे में खड़ा कर दिया है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read