Rajasthan Narbali Case: पाली/पीएस चरण: 21वीं सदी के इस आधुनिक दौर में आज भी अंधविश्वास की जड़ें कितनी गहरी और खौफनाक हो सकती हैं, इसका दिल दहला देने वाला उदाहरण राजस्थान के पाली जिले से सामने आया है. सोजत सिटी इलाके के एक गांव में 30 साल के एक युवक ने सिर्फ इसलिए 11 साल के एक मासूम बच्चे की बेरहमी से हत्या कर दी, क्योंकि एक ‘तांत्रिक’ ने उससे कहा था कि ‘नरबलि’ देने से उसकी शादी हो जाएगी.
इस घटना ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है. खून से सने कपड़े, घटनास्थल पर बिखरा तंत्र-मंत्र का सामान और एक बेकसूर बच्चे की लाश… आइए जानते हैं इस रूह कंपा देने वाली वारदात की पूरी इनसाइड स्टोरी.
मदरसे से लौटते वक्त बिछाया मौत का जाल (Human Sacrifice in Rajasthan)
गुरुवार की दोपहर थी. 11 साल का मासूम बच्चा मदरसे से तालीम लेकर खुशी-खुशी अपने घर लौट रहा था. उसे क्या पता था कि गांव का ही 30 वर्षीय परिचित युवक उसके लिए मौत का जाल बिछाए बैठा है. आरोपी ने बच्चे को रास्ते में बहला-फुसलाकर अगवा कर लिया और उसे गांव से 500 मीटर दूर तालाब की पाल पर झाड़ियों के बीच ले गया. बच्चे के पिता के मुताबिक, वहां आरोपी ने मासूम के दोनों हाथ-पैर और मुंह बेरहमी से बांध दिए.
इसके बाद उसने बच्चे की गर्दन को लकड़ी के एक बल्ले (Block) पर रखा और छुरे से उसका गला काट दिया. घटनास्थल पर टूटी हुई मटकी और तंत्र-मंत्र का अन्य सामान इस बात की गवाही दे रहा था कि वहां खौफनाक तांत्रिक क्रिया की गई थी.
ये भी पढ़ें: पूजा का अधिकार मिलते ही भोजशाला में गूंजी हनुमान चालीसा, छावनी में तब्दील हुआ पूरा धार
खुद घर जाकर दी दादा को खबर
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को बचाने के लिए एक बेहद शातिर चाल चली. वह सीधा मृतक के घर पहुंचा. मृतक के दादा ने बताया, “हत्यारा खुद हमें बताने घर आया कि कोई तुम्हारे पोते को उठाकर ले गया है, उसने उसकी हत्या कर दी है और वहां से फरार हो गया.” जब परिजन बदहवास हालत में तालाब की पाल पर पहुंचे, तो वहां मासूम पोते की खून से लथपथ लाश पड़ी थी.
एक गलती और खुल गया ‘हैवान’ का राज
आरोपी परिवार वालों की नजर में अनजान बनने का नाटक कर रहा था और बार-बार झूठी कहानियां गढ़ रहा था कि उसने किसी और को मर्डर करते हुए देखा है. लेकिन, जैसे ही परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, वह वहां से खिसकने लगा. पुलिस और परिजनों को उसी पर शक हुआ. जब पुलिस ने उसे पकड़ा, तो उसने अपने खून से सने कपड़े बदल लिए थे.
सख्ती से पूछताछ (Rajasthan police investigation) करने पर यह हैवान टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने पुलिस को बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही थी, इसलिए एक तांत्रिक ने उसे नरबलि देने का खौफनाक रास्ता सुझाया था.
जानवरों से शुरू हुआ था दरिंदगी का खेल
इस हैवान के अपराध की यह कोई पहली कहानी नहीं थी. ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी पहले से ही तंत्र-मंत्र के चंगुल में जकड़ा हुआ था. दो साल पहले उसने गांव में एक भैंस के पाडे़ का गला काट दिया था. इसके बाद उसने एक गोवंश के गुप्तांग भी काट दिए थे. उस वक्त परिजनों की गुहार पर ग्रामीणों ने उसे छोड़ दिया था और पुलिस की प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई. आज उसी ढिलाई का नतीजा है कि एक मासूम को अपनी जान गंवानी पड़ी.
तांत्रिक की तलाश में जुटी पुलिस (Rajasthan police investigation in human sacrifice case)
सोजत डीएसपी रतन देवासी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और एफएसएल (FSL) टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं. पुलिस अब उस ‘तांत्रिक’ की सरगर्मी से तलाश कर रही है, जिसने इस खौफनाक वारदात के लिए आरोपी को उकसाया था. घटना के बाद से गांव वालों में भारी आक्रोश है. सर्व समाज ने बैठक कर आरोपी के परिवार को गांव से बेदखल करने का फैसला लिया है और इस दरिंदे के लिए फांसी की सजा की मांग की है.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.


