Bharat Express DD Free Dish

17 लाख की ठगी का वांटेड आरोपी CJP के मंच पर! राजस्थान पुलिस को चकमा देकर जंतर-मंतर से हुआ फरार

दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के मंच पर 17 लाख की धोखाधड़ी का वांटेड आरोपी रामचंद्र दिखा. राजस्थान पुलिस भीड़ के कारण उसे नहीं पकड़ सकी.

Rajasthan Police Wanted Fraudster Ramchand Spotted On CJP Stage At Jantar Mantar

दिल्ली के जंतर-मंतर पर हाल ही में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से जुड़ी एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पुलिस प्रशासन और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है. सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर पर CJP के मुख्य मंच पर राजस्थान पुलिस का वांटेड आरोपी रामचंद्र नजर आया है. हैरान करने वाली बात यह है कि वह न सिर्फ मंच पर मौजूद था, बल्कि प्रदर्शन के दौरान पार्टी के बड़े नेताओं के साथ भी घूमता दिखा.

17 लाख की धोखाधड़ी का आरोप

रामचंद्र राजस्थान के झुंझुनूं जिले में दर्ज एक आपराधिक मामले में नामजद आरोपी है. उसके खिलाफ फरवरी 2025 में धोखाधड़ी की FIR दर्ज की गई थी.

शिकायतकर्ता साजिद दीवान का आरोप है कि रामचंद्र ग्रेटर नोएडा स्थित ‘अव्यान ऑटोमोटिव प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए लग्जरी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करता था. उसने ‘रेंज रोवर डिफेंडर 130’ गाड़ी दिलाने के नाम पर 17 लाख रुपये एडवांस लिए. लेकिन पैसे लेने के बाद न तो गाड़ी दी और न ही रकम वापस लौटाई.

इसके बाद पुलिस ने आईपीसी की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (अमानत में खयानत) के तहत मामला दर्ज किया था. सूत्रों की मानें तो एक मशहूर आरजे (RJ) समेत कई अन्य लोगों के साथ भी ऐसी ही ठगी के आरोप उस पर लगे हैं.

पुलिस के हाथ से फिसला आरोपी

राजस्थान पुलिस के अनुसार, 19 जुलाई को उन्हें सूचना मिली थी कि वांटेड रामचंद्र जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन में मौजूद है. पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन रामचंद्र मुख्य मंच पर नेताओं और छात्रों की भारी भीड़ के बीच घिरा हुआ था.

लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति और भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस उसे वहां से हिरासत में नहीं ले सकी और वह चकमा देकर फरार हो गया. पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें: रांची छात्र आंदोलन का 16वां दिन: आर-पार के मूड में प्रदर्शनकारी, जानें आज की बात से नहीं निकला हल तो कल क्या होगा?

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read