Bharat Express DD Free Dish

पुतिन के आवास पर ड्रोन हमले का आरोप, रूस-यूक्रेन शांति वार्ता पर संकट

Russia Ukraine War: रूस ने दावा किया कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति पुतिन के नोवगोरोड स्थित आवास पर 91 ड्रोन से हमला किया. सभी ड्रोन रूसी एयर डिफेंस ने गिरा दिए.

Russia Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए शांति वार्ता जारी है लेकिन इसी बीच सोमवार को बड़ा हमला हुआ. रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने दावा किया कि यूक्रेन ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नोवगोरोड स्थित आधिकारिक आवास पर 91 ड्रोन से हमला किया.

एयर डिफेंस ने गिराए सभी ड्रोन

लावरोव के मुताबिक यह हमला 28-29 दिसंबर की रात को हुआ. लंबी दूरी के ड्रोन से हमला किया गया था लेकिन रूसी एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी ड्रोन हवा में ही मार गिराए. उन्होंने इसे यूक्रेन सरकार द्वारा प्रायोजित आतंकी हमला बताया और कहा कि ऐसी हरकतों को बिना जवाब दिए नहीं छोड़ा जाएगा. हालांकि इस दौरान पुतिन वहां मौजूद थे या नहीं, इसकी जानकारी साझा नहीं की गई है.

रूस ने बदले की दी चेतावनी

रूस ने साफ कर दिया है कि इन हमलों का बदला लिया जाएगा. उसने कहा कि जवाबी कार्रवाई कब और कहां होगी, यह तय कर लिया गया है. साथ ही रूस ने शांति वार्ता पर अपने रुख से पीछे हटने के संकेत दिए हैं. उसका कहना है कि यूक्रेन ने आतंकवाद का रास्ता चुना है इसलिए अब शांति समझौते पर फिर से विचार किया जाएगा.

जेलेंस्की ने आरोपों को झूठा बताया

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि यूक्रेन का पुतिन के किसी भी आवास पर हमला करने का कोई इरादा नहीं है. जेलेंस्की ने इन दावों को मनगढ़ंत और झूठ बताया है.

ये भी पढ़ें-80 साल की उम्र में बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, ढाका के अस्पताल में थीं भर्ती

शांति वार्ता को पटरी से उतारने की साजिश

जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि मॉस्को ऐसे झूठे आरोप इसलिए लगा रहा है ताकि वह कीव और अन्य सरकारी इमारतों पर नए हमलों को जायज ठहरा सके. उन्होंने कहा कि यह शांति वार्ता में हो रही प्रगति को रोकने की सोची-समझी साजिश हो सकती है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read