Shahdol Case:शहडोल/अनिल पाण्डेय: शहडोल जिले के अमलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ाघाट में एक रोंगटे खड़े कर देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है. ईंट भट्ठे के लिए खोदे गए पानी से भरे गहरे गड्ढे में नहाने उतरे दो सगे भाइयों की डूबने से जान चली गई.
शहडोल के अमलाई में ईंट भट्ठे के गहरे गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों (विवेक और बारिश) की मौत हो गई. छोटा भाई डूब रहा था जिसे बचाने में बड़ा भाई भी डूब गया. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, वहीं कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है.
क्या है मामला? (Shahdol Two Brothers Drowned)
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अमलाई थाना क्षेत्र के गाड़ाघाट स्थित दफाई के रहने वाले दो सगे भाई, विवेक सिंह गोंड (14 वर्ष) और बारिश सिंह गोंड (10 वर्ष) घर से फुटबॉल खेलने के लिए बाहर निकले थे. खेल के दौरान वे पास ही ईंट भट्ठों के निर्माण के लिए खोदे गए तालाबनुमा गड्ढे के पास पहुंच गए और नहाने पानी में उतर गए.
दो सगे भाईयों की डूबने से मौत (Shahdol Drowning Accident)
नहाते समय अचानक छोटा भाई गहरे पानी में जाकर डूबने लगा. उसे छटपटाता देख बड़े भाई ने जान की परवाह न करते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन गड्ढा अत्यधिक गहरा होने के कारण दोनों भाई पानी में समा गए. घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर अमलाई पुलिस पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला. पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
4-4 लाख रुपये देने का राशि स्वीकृत की (Parth Jaiswal IAS Shahdol)
घटना की जानकारी मिलने के बाद शहडोल कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने पीड़ित परिवार को तत्काल प्रभाव से दोनों मृतक बच्चों के परिजनों को आपदा राहत कोष से 4-4 लाख रुपये (कुल 8 लाख रुपये) की सहायता राशि स्वीकृत की है. इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है.
यह भी पढ़ें-छात्रों को रोकने के लिए बिछाए कंटीले तार! झारखंड पुलिस की तैयारी देख क्यों मचा बबाल?
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
