Bharat Express DD Free Dish

भगवान के दर पर शैतान! सीधी से रीवा, फिर शहडोल…8 साल तक पुजारी ने किया शोषण; SC/ST एक्ट में FIR

शहडोल के राजेश्वरी दुर्गा मंदिर के पुजारी आशीष तिवारी पर शादी का झांसा देकर 8 साल तक दुष्कर्म करने और जातिगत गालियां देने का आरोप लगा है. FIR दर्ज होने पर आरोपी फरार है.

Shahdol Priest Booked Under SC ST Act for Raping Woman

शहडोल/अनिल पाण्डेय: धर्म और आस्था के नाम पर इंसानी भावनाओं से खिलवाड़ का एक बेहद खौफनाक और शर्मनाक मामला मध्य प्रदेश के शहडोल (Shahdol) जिले से सामने आया है. यहां के प्रसिद्ध राजेश्वरी/विराटेश्वरी दुर्गा मंदिर गंज के एक पुजारी पर 28 वर्षीय युवती ने शादी का झांसा देकर लगातार 8 साल तक शारीरिक शोषण (Rape) करने, जातिगत गालियां देने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला थाना पुलिस ने आरोपी पुजारी आशीष राज तिवारी उर्फ छोटू के खिलाफ दुष्कर्म और SC/ST एक्ट की सख्त धाराओं में केस दर्ज कर लिया है.

माता-पिता से भी किया था वादा

पुलिस एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता मूल रूप से सीधी जिले की रहने वाली है और उसकी बड़ी बहन शहडोल में रहती है. 2017 में जब वह बीमार थी, तब अपनी बहन के घर आई थी और दुर्गा मंदिर दर्शन करने गई थी. वहीं उसकी मुलाकात पुजारी आशीष राज तिवारी से हुई. पुजारी ने उसका मोबाइल नंबर लिया और खुद को अविवाहित बताकर प्रेम जाल में फंसा लिया.

हद तो तब हो गई जब आरोपी पुजारी सीधी जाकर युवती के माता-पिता से मिला. उसने जात-पात की दीवारों को दरकिनार करते हुए उनसे वादा किया, “मुझे जात-पात से कोई लेना-देना नहीं है, मैं आपकी बेटी से शादी करूंगा.

सीधी से रीवा, फिर शहडोल…

शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी पुजारी ने युवती का भयानक शोषण किया. वह युवती को सीधी से रीवा ले गया और वहां 2-3 साल तक किराए के मकान में रखकर उसका शारीरिक शोषण करता रहा. 2021 में वह उसे शहडोल ले आया और यहां भी किराए का मकान लेकर और होटलों में ठहराकर अपनी हवस मिटाता रहा. जब भी युवती शादी का दबाव बनाती, आरोपी कभी अपने बड़े भाई तो कभी बहन की शादी का बहाना बनाकर टाल देता.

‘समाज में मेरा सम्मान है…’

हाल ही में 8 फरवरी को जब युवती ने दुर्गा मंदिर परिसर में शादी के लिए आखिरी बार दबाव बनाया, तो आरोपी का असली और घिनौना चेहरा सामने आ गया. आरोपी ने शादी से साफ इनकार करते हुए कहा कि समाज में मेरा सम्मान है, मैं तुमसे (नीची जाति की) शादी नहीं करूंगा. आरोप है कि पुजारी ने सार्वजनिक रूप से युवती के साथ दुर्व्यवहार किया, उसे जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया.

ये भी पढ़ें: ढहा कांग्रेस किला..! BJP के हुए भूपेन बोरा, कितनी बदलेगी असम की चुनावी गणित?- Explainer

गंभीर धाराओं में केस दर्ज, तलाश जारी

थक-हारकर पीड़िता ने 18 फरवरी की रात महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई. उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेंद्र मोहन दुबे और महिला थाना प्रभारी रामकुमार गायकवाड़ ने बताया कि आरोपी आशीष राज तिवारी के खिलाफ BNS की धारा 69, 351(3) (शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और धमकी) तथा SC/ST एक्ट की धारा 3 (1)(W)(II), 3 (2) (V) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.

जांच अधिकारी वर्षा बैगा के अनुसार, साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जा रही है. आरोपी पुजारी फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है. धर्म के चोले में छिपे इस दरिंदे की करतूत सामने आने के बाद पूरे शहडोल में भारी आक्रोश और चर्चाओं का दौर है.



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read