Bharat Express DD Free Dish
Chhath Puja 2026
Chhath Puja 2026

सिक्किम में दौड़ेगी पहली ट्रेन! 5.3 KM लंबी सबसे बड़ी सुरंग की खुदाई पूरी, 14 सुरंगों का काम खत्म

Sivok Rangpo Rail Line: सिक्किम को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली सिवोक-रंगपो रेल परियोजना में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. 5.3 किमी लंबी सबसे बड़ी सुरंग की खुदाई पूरी हो गई है, जिससे राज्य को जल्द सीधी रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद बढ़ गई है.

Sivok Rangpo Rail Line 1

Sivok Rangpo Rail Line: सिक्किम को देश के रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भारतीय रेलवे ने एक अहम उपलब्धि हासिल की है. 45 किलोमीटर लंबे सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी सुरंग, टनल नंबर 10 की खुदाई पूरी कर ली गई है. इस उपलब्धि के साथ परियोजना की सभी 14 सुरंगों की खुदाई का कार्य सफलतापूर्वक समाप्त हो गया है. माना जा रहा है कि यह प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद सिक्किम को पहली बार सीधे रेल संपर्क का लाभ मिलेगा.

5.3 किलोमीटर लंबी है सबसे बड़ी सुरंग

रेल मंत्रालय की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, टनल नंबर 10 की लंबाई 5.3 किलोमीटर है और यह पूरे प्रोजेक्ट की सबसे लंबी सुरंग है. इस सुरंग की खुदाई दोनों सिरों से एक साथ की गई थी. इसके अलावा दो एक्सेस टनलों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे काम को तेजी से आगे बढ़ाया जा सके. मंत्रालय ने बताया कि खुदाई के दोनों हिस्से सफलतापूर्वक आपस में मिल गए हैं. इसके साथ ही टनल निर्माण का यह महत्वपूर्ण चरण पूरा हो गया है और अब परियोजना अगले चरण में प्रवेश कर चुकी है.

अब होंगे ट्रैक और सुरक्षा सिस्टम के काम

अधिकारियों के अनुसार, सुरंग की खुदाई पूरी होने के बाद अब लाइनिंग का काम किया जाएगा. इसके साथ ही रेलवे ट्रैक बिछाने और जरूरी सुरक्षा उपकरणों व रेलवे प्रणालियों को स्थापित करने का काम भी शुरू होगा. इन चरणों के पूरा होने के बाद रेल संचालन की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा.

हिमालयी इलाके में बन रही है चुनौतीपूर्ण रेल लाइन

सिवोक-रंगपो ब्रॉड गेज रेल परियोजना पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलिम्पोंग जिलों से होते हुए सिक्किम के पाकयोंग जिले तक पहुंचती है. यह पूरा रूट पहाड़ी और भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण हिमालयी क्षेत्र से होकर गुजरता है. यही वजह है कि 45 किलोमीटर की इस लाइन में 14 सुरंगें बनाई गई हैं, जो कुल मार्ग का करीब 86 प्रतिशत हिस्सा कवर करती हैं.

23 पुल और चार प्रमुख स्टेशन होंगे शामिल

इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट में 23 पुलों का निर्माण भी किया जा रहा है. रेलवे लाइन सिवोक, रियांग, मेल्ली और रंगपो स्टेशनों को आपस में जोड़ेगी. इसके अलावा तीस्ता बाजार में एक भूमिगत हॉल्ट स्टेशन भी बनाया जा रहा है. सिवोक स्टेशन पर यह रेल लाइन मौजूदा न्यू जलपाईगुड़ी-अलीपुरद्वार रेल मार्ग से जुड़ेगी. इसके बाद सिक्किम सीधे राष्ट्रीय रेल नेटवर्क का हिस्सा बन जाएगा.

ये भी पढ़ें-संसद के विशेष सत्र से पहले PM मोदी का बड़ा मास्टरप्लान, 7 लोक कल्याण मार्ग पर हुई सीक्रेट बैठक

पर्यटन और कारोबार को मिलेगा फायदा

रेल मंत्रालय का मानना है कि परियोजना शुरू होने के बाद राज्य में जरूरी सामानों की आपूर्ति आसान होगी. स्थानीय कारोबारियों को बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी और पर्यटन क्षेत्र को भी नई रफ्तार मिलेगी. कुल मिलाकर सिवोक-रंगपो नई रेल लाइन परियोजना सिक्किम और पूरे पूर्वोत्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण पहल साबित होने जा रही है.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read

UP Tourism