Bharat Express DD Free Dish

सोनभद्र में पत्थर की खदान हादसा, 15 मजदूरों के दबे होने की आशंका, बचाव अभियान जारी

सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र में पत्थर की खदान धंसने से बड़ा हादसा हुआ. करीब 15 मजदूरों के दबे होने की आशंका है. एक शव बाहर निकाला गया, NDRF-SDRF की टीमें राहत-बचाव कार्य में जुटी हैं.

Sonbhadra Mine Accident: सोनभद्र जिले के ओबरा थाना क्षेत्र के बिल्ली मारकुंडी खनन इलाके में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. पत्थर की खदान में ड्रिलिंग के दौरान पहाड़ धंस गया, जिससे करीब 15 मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. हादसे में एक मजदूर का शव बाहर निकाला जा चुका है, जबकि बाकी लोगों को निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य जारी है.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, हादसा शनिवार शाम हुआ था लेकिन करीब सात घंटे बाद एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. जिलाधिकारी बीएन सिंह ने बताया कि ‘कृष्णा माइंस’ का एक हिस्सा ढह गया था जिसमें मजदूर दब गए. उन्होंने कहा कि अल्ट्राटेक कंपनी, दुसान कंपनी और ओबरा पावर कंपनी के सहयोग से बचाव कार्य चल रहा है.

मंत्री-विधायक भी मौके पर पहुंचे

उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्य मंत्री और स्थानीय विधायक संजीव कुमार गोंड भी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने कहा कि मलबे में करीब एक दर्जन मजदूर दबे हो सकते हैं हालांकि सही संख्या अभी स्पष्ट नहीं है. गोंड ने आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन, पुलिस और बचाव दल पूरी कोशिश कर रहे हैं.

हादसे की होगी जांच

उन्होंने यह भी कहा कि हादसे की जांच होगी और यह पता लगाया जाएगा कि खदान किन परिस्थितियों में चल रही थी. दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. गोंड ने इसे बेहद दुखद घटना बताया और कहा कि सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है.

ये भी पढ़ें-RSS कार्यकर्ता की टारगेट किलिंग? फिरोजपुर में नवीन अरोड़ा की गोली मारकर हत्या, वारदात के बाद स्थानीय कारोबारियों में भारी रोष

राहत बचाव कार्य जारी

फिलहाल एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार मलबा हटाने और दबे हुए मजदूरों को निकालने में जुटी हैं. इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और लोग अपने परिजनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं.

Also Follow Bharat Express on Youtube

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read