सूरत के टेक्सटाइल मार्केट में 10 हजार के विवाद में 25 करोड़ के कपड़े राख.
Gujarat News: गुजरात के सूरत शहर से एक सनसनीखेज और हैरान कर देने वाली आपराधिक घटना सामने आई है, जहां एक कर्मचारी ने अपने मालिक से बदला लेने की नीयत से पूरे मार्केट को आग के हवाले कर दिया. सरौली इलाके में स्थित श्याम संगिनी टेक्सटाइल मार्केट में हुए इस भीषण अग्निकांड ने पूरे व्यापारिक जगत को हिलाकर रख दिया है.
सूरत पुलिस की क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपी पूर्व अकाउंटेंट विनोद सावले ने खुलासा किया कि नौकरी से निकाले जाने और 10,000 रुपये का बकाया वेतन न मिलने से वह बेहद नाराज था. इसी रंजिश में वह 150 रुपये का पेट्रोल खरीदकर लाया और दुकान के बाहर रखे कपड़ों के पार्सल में आग लगा दी. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया है. इस आग को बुझाने में दमकल कर्मियों को 38 घंटे का कड़ा मशक्कत करना पड़ा.
10 हजार रुपये के बकाए पर रंजिश, 150 रुपये के पेट्रोल से लगाई आग
सूरत क्राइम ब्रांच की गिरफ्त में आए आरोपी विनोद सावले ने पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि दो दुकान मालिकों के साथ उसका 10 हजार रुपये के बकाया वेतन और कार्यस्थल पर उत्पीड़न को लेकर विवाद चल रहा था. नौकरी से निकाले जाने के बाद उसने बदला लेने की भयानक साजिश रची. वह बोतल में 150 रुपये का पेट्रोल खरीदकर लाया और मार्केट के कॉरिडोर में रखे कपड़ों के पार्सल पर छिड़ककर आग लगा दी.
10 हजार के बदले 24 करोड़ का नुकसान 😯
गुजरात : सूरत में मालिक ने 10 हजार वेतन नहीं दिया तो कर्मचारी ने पेट्रोल से फूंका 24 करोड़ का सामान
◆ सूरत क्राइम ब्रांच की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 10 हजार रुपए के बकाया वेतन को लेकर दो मालिकों से बदला लेने के लिए इस वारदात को… pic.twitter.com/TMxqQdVTUI
— DINESH DADHICH (@DineshD7737) September 22, 2026
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, महाराष्ट्र से आरोपी गिरफ्तार
वारदात के समय मार्केट के कॉरिडोर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई. फुटेज में आरोपी कपड़ों के पार्सल के बीच से गुजरता दिखाई दिया और उसके पीछे अचानक भीषण लपटें उठने लगीं. सूरत पुलिस ने वीडियो फुटेज और अन्य तकनीकी सबूतों के आधार पर आरोपी की पहचान की और घेराबंदी कर उसे महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर लिया.
38 घंटे तक धधकती रही आग
कपड़ों के पार्सल और ज्वलनशील सामानों के कारण आग इतनी तेजी से फैली कि उसने देखते ही देखते 14 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग पर पूरी तरह काबू पाने में दमकलकर्मियों को करीब 38 घंटे का लंबा समय लग गया. इस भीषण तबाही में व्यापारियों का लगभग 25 करोड़ रुपये का कपड़ा जलकर पूरी तरह खाक हो गया.
यह भी पढ़ें-महंगाई की मार में फंसे ‘गणपति बप्पा’! इंदौर में 100 साल पुरानी झिलमिल झांकियों की परंपरा पर छाया संकट
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.




