एयर इंडिया
रविवार शाम तिरुवनंतपुरम से दिल्ली जा रही एयर इंडिया (Air India) की फ्लाइट AI2455 को तकनीकी दिक्कत और खराब मौसम के चलते चेन्नई डायवर्ट करना पड़ा. फ्लाइटराडार24 के मुताबिक, एयरबस A320 विमान दो घंटे से ज्यादा समय तक हवा में रहा और आखिरकार रात करीब 10:35 बजे चेन्नई में सुरक्षित लैंडिंग की.
एयर इंडिया ने जारी किया बयान
एयर इंडिया (Air India) ने बयान जारी कर बताया कि 10 अगस्त को उड़ान भरने वाले इस विमान के चालक दल ने संदिग्ध तकनीकी समस्या और रास्ते में खराब मौसम को देखते हुए चेन्नई की ओर मोड़ने का फैसला लिया. विमान में कई यात्री सवार थे, जिनमें पांच सांसद भी शामिल थे.
विमान में सांसद थे सवार
केरल से कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, यूडीएफ संयोजक अदूर प्रकाश, वरिष्ठ नेता कोडिकुन्निल सुरेश और के. राधाकृष्णन के साथ तमिलनाडु के सांसद रॉबर्ट ब्रूस भी इस फ्लाइट में मौजूद थे. लैंडिंग के बाद वेणुगोपाल ने इसे “एक बड़ी दुर्घटना से बाल-बाल बचने” जैसा बताया है. उन्होंने कहा कि विमान में रडार से जुड़ी समस्या थी जिसके कारण इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. उन्होंने यह भी बताया कि लैंडिंग से पहले विमान करीब एक घंटा 10 मिनट तक हवा में मंडराता रहा. वेणुगोपाल ने इस मामले की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशक (DGCA) को दे दी है.
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने क्या कहा?
एयर इंडिया (Air India) के प्रवक्ता ने कहा कि चेन्नई में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई और अब उसकी जांच की जा रही है. यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है. एयरलाइन ने हुई असुविधा के लिए खेद जताया है. हालांकि, यात्रियों की कुल संख्या के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है.
इसे भी पढ़ें- “हम डूबेंगे तो आधी दुनिया को भी ले डूबेंगे…”, अमेरिका की धरती से पाक सेना प्रमुख मुनीर ने दी भारत को गीदड़भभकी
इस घटना ने एक बार फिर विमान सुरक्षा और तकनीकी जांच की गंभीरता को उजागर किया है.
भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
