Rishikesh train accident: सोमवार रात ऋषिकेश में खांड गांव विस्थापित क्षेत्र के पास उज्जैनी एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय ट्रेन खाली थी और इसमें कोई यात्री सवार नहीं था, जिससे एक बड़ा जनहानि का हादसा टल गया. घटना के बाद रेल प्रशासन की ओर से राहत और बचाव अभियान जारी है और रेलवे ने मामले की जांच शुरू कर दी है.
ट्रैक बदलते समय हुआ हादसा (Ujjaini Express derailment In Rishikesh)
हादसा इतना भीषण था कि एक डिब्बा पूरी तरह पटरी से अलग होकर ट्रैक के बाहर लटक गया. सोमवार रात करीब 9:23 बजे स्टेशन यार्ड में ट्रेन का ट्रैक बदला जा रहा था, तभी यह दुर्घटना हुई. क्रेन की मदद से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए तीनों कोच को पटरी से हटाया जा रहा है. दुर्घटना के बाद पटरियों पर भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिसे जीआरपी (GRP) के जवानों ने मोर्चा संभालते हुए घटनास्थल से हटाया. खाली ट्रेन होने के बावजूद, इसके संचालन और यार्ड प्रबंधन को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं.
कोटा में राजधानी एक्सप्रेस में लगी थी आग
बता दें कि हाल ही में राजस्थान के कोटा में 17 मई की तड़के 12431 राजधानी एक्सप्रेस (तिरुवनंतपुरम से हजरत निजामुद्दीन) के एक कोच में भीषण आग लग गई थी. गनीमत रही कि उस हादसे में भी कोई घायल नहीं हुआ था. आग ट्रेन की एक एसी बोगी में लगी थी, जिसमें 68 यात्री सवार थे. कोटा मंडल के डीआरएम (DRM) के अनुसार सभी यात्री सुरक्षित निकाल लिए गए थे, हालांकि आग लगने के कारणों की जांच अभी जारी है.
नामपल्ली स्टेशन पर भी हुआ था अग्निकांड (Rishikesh Uttarakhand railway news)
राजधानी एक्सप्रेस की घटना के अलावा, हाल ही में नामपल्ली रेलवे स्टेशन पर भी हैदराबाद-जयपुर स्पेशल एक्सप्रेस की दो एसी बोगियों में आग लगने की घटना सामने आई थी. लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने रेलवे की सुरक्षा और रखरखाव व्यवस्था पर चिंता बढ़ा दी है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली हाई कोर्ट ने केजरीवाल, सिसोदिया और अन्य AAP नेताओं को जारी किया क्रिमिनल अवमानना नोटिस
नोट- यह खबर एजेंसी (IANS) फीड से सीधे पब्लिश की गई है. इसमें किसी भी जानकारी को नहीं बदला गया है. खबर को पढ़ने लायाक बनाने के लिए लिए केवल हेडलाइन बदली गई है. वहीं पैराग्राफ से पहले सबहेड जोड़े गए हैं. इस स्टोरी को लेकर भारत एक्सप्रेस की किसी भी तरह की नैतिक जिम्मेदारी नहीं होगी.
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.
