Bharat Express DD Free Dish

ब्रिटेन में 1,000 उड़ानें रद्द, भारत में भी पड़ा असर; एयर इंडिया ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

Air India advisory: ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा प्रदाता NATS के फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में तकनीकी खराबी के कारण 1,000 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं. इसका असर भारत और ब्रिटेन के बीच संचालित कुछ एयर इंडिया उड़ानों पर भी पड़ा.

Air India Travel Advisory

एयर इंडिया ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी

Air India Travel Advisory: ब्रिटेन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का असर भारत और ब्रिटेन के बीच चलने वाली हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला. एयर ट्रैफिक कंट्रोल सेवा देने वाली कंपनी एनएटीएस (NATS) के सिस्टम में गड़बड़ी के चलते कई उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ. इसका सीधा असर एयर इंडिया की कुछ उड़ानों पर भी पड़ा है.

एयर इंडिया ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की. एयरलाइन ने बताया कि तकनीकी समस्या के कारण ब्रिटेन के हवाई अड्डों से आने-जाने वाली उसकी कई उड़ानों को या तो देर से संचालित करना पड़ा, उनका रूट बदलना पड़ा या फिर उन्हें रद्द करना पड़ा.

दूसरी उड़ानों पर भी पड़ सकता है असर

एयर इंडिया के मुताबिक, इस तकनीकी गड़बड़ी का असर आने वाले समय में कुछ अन्य उड़ानों पर भी दिखाई दे सकता है. इसकी वजह यह है कि प्रभावित होने वाली उड़ानों के कारण विमान और क्रू अपने निर्धारित स्थानों तक समय पर नहीं पहुंच पाए. ऐसे में आगे की उड़ानों का शेड्यूल भी प्रभावित होने की आशंका है.

एयरलाइन ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें. एयर इंडिया ने कहा कि वह हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है और व्यवधान को कम से कम करने की कोशिश की जा रही है.

1,000 से ज्यादा उड़ानें प्रभावित

फ्लाइट ट्रैकिंग से जुड़े आंकड़ों के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण ब्रिटेन में 1,000 से अधिक उड़ानें रद्द हुईं (UK 1000 flights cancelled). लंदन के हीथ्रो, एडिनबर्ग और मैनचेस्टर समेत कई प्रमुख हवाई अड्डों पर आने-जाने वाली सेवाएं प्रभावित रहीं. इससे बड़ी संख्या में यात्रियों को देरी और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ा.

एनएटीएस ने बताया कि समस्या उसके फ्लाइट प्रोसेसिंग सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण हुई थी. बाद में कंपनी ने तकनीकी समाधान लागू कर सिस्टम को सामान्य कर दिया. हालांकि, एनएटीएस ने साफ किया कि सभी उड़ानों को सामान्य स्थिति में लाने में कुछ समय लग सकता है, क्योंकि प्रभावित सेवाओं का बैकलॉग अभी बाकी है.


ये भी पढ़ें: समय आ गया है! पंजाब में दिल्ली का हस्तक्षेप क्यों जरूरी? तरुण चुघ ने अमित शाह को लिखा लेटर


ब्रिटेन-आयरलैंड उड़ानों पर भी असर

हीथ्रो एयरपोर्ट ने कहा कि वह एनएटीएस के साथ मिलकर काम कर रहा है, ताकि यात्रियों और उड़ान कार्यक्रम पर पड़ने वाले असर को जल्द से जल्द कम किया जा सके. वहीं, इस व्यवधान का असर ब्रिटेन और आयरलैंड के बीच हवाई सेवाओं पर भी पड़ा. डबलिन एयरपोर्ट ने यात्रियों को सलाह दी कि ब्रिटेन से आने-जाने वाली उड़ानों में देरी या बदलाव की संभावना को ध्यान में रखते हुए अपनी फ्लाइट की जानकारी पहले जांच लें.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read