Bharat Express DD Free Dish
Pension Mission Shakti Digital
Pension Mission Shakti Digital

अपने विचारों और सुझावों को शेयर कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें युवा: किरेन रिजिजू

Hansraj College में हुए ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू. विकसित भारत के विविध आयामों और सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा.

हंसराज कॉलेज के कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू.

युवा अपने विचारों और सुझावों को साझा करें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें. युवाओं से इस आशय की अपील दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा कनेक्ट’ कार्यक्रम के अवसर पर मुख्य वक्ता केंद्रीय संसदीय और अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू ने की.

हंसराज कॉलेज के पूर्व विद्यार्थी एवं केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित युवा कनेक्ट कार्यक्रम के तहत हंसराज कॉलेज के युवा विद्यार्थियों के साथ संवाद किया. इस अवसर पर उन्होंने विकसित भारत अभियान के विभिन्न पक्षों और सरकार के रोड मैप को युवाओं के बीच रखा तथा पीएम मोदी के विकसित भारत के संकल्प को सिद्धि तक पहुंचान के लिए युवाओं से भी इसमें शामिल होने का आग्रह किया.

विकसित भारत की दिशा में बढ़ते कदम

विकसित भारत अभियान का उद्देश्य आजादी के 100वें वर्ष यानी वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना है. यह दृष्टिकोण आर्थिक विकास, सामाजिक प्रगति, पर्यावरणीय स्थिरता और सुशासन सहित विकास के विभिन्न पहलुओं को सम्मिलित करता है.

मंत्री किरेन रिजिजू ने युवाओं के समक्ष एक विस्तृत प्रेजेंटेशन के साथ विकसित भारत के विविध आयामों और उस दिशा में सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों को सामने रखा. उन्होंने कहा कि विकसित भारत अभियान तभी सफल होगा जब देश का हर नागरिक खासकर युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा इस उद्देश्य में हाथ बंटाएगी.

सरकार का रोडमैप

इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने सरकार के रोडमैप को भी साझा किया, जिसमें विकसित भारत के लिए आवश्यक कदमों की रूपरेखा शामिल है. उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं की भागीदारी और सहयोग से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने बताया कि यह संकल्प पीएम ने पहली बार सरकार गठन के समय ही ले लिया था.

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने इस मौके पर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ पर भी जोर दिया. उन्होंने देश की एकता पर विशेष बल दिया. इसके अलावा ‘वन नेशन-वन इलेक्शन’ पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह देश को विकसित करने और सुशासन की दृष्टि से एक बड़ा कदम सिद्ध हो सकता है. उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और पीएम के ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भी चर्चा की. साथ ही देश में हर वर्ग के लिए चल रहे प्रमुख सरकारी योजनाओं को भी सामने रखा.

युवाओं के सवालों का दिया जवाब

अपने वक्तव्य के बाद केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने युवाओं से प्रश्न भी आमंत्रित किए, जिसमें विकसित भारत कार्यक्रम, विकास की दिशा, पर्यावरण संबंधी प्रश्न, भाषा से जुड़े पक्षों आदि पर अनेक रोचक प्रश्नों के उन्होंने उत्तर दिए.

लक्ष्य पूरा होने की आशा

इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में हंसराज कॉलेज की प्राचार्या प्रो. रमा ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि देश जिस तेज गति से आगे बढ़ रहा है विकसित भारत का लक्ष्य हम तय समय से पहले ही प्राप्त कर लेंगे. उन्होंने इस संबंध में हंसराज कॉलेज की विविध गतिविधियों एवं कार्यक्रमों को भी सामने रखा. कार्यक्रम का संचालन डॉ. विजय कुमार मिश्र और धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम के संयोजक डॉ. मंजीत सिंह सागी ने किया.

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Pension Mission Shakti Digital