Bharat Express DD Free Dish
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital
Kanya Sumangla Mission Shakti Digital

J&K के उरी में माइन ब्लास्ट, सेना के दो जवान हुए घायल; श्रीनगर अस्पताल में भर्ती

जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास माइन विस्फोट में सेना के दो जवान घायल हो गए.

जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले से मंगलवार को एक अहम खबर सामने आई है. उरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास हुए माइन विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान घायल हो गए. घटना कमलकोट सब-सेक्टर की उस अग्रिम चौकी के पास हुई, जहां सेना की 8 राष्ट्रीय राइफल्स (8 RR) की तैनाती है. धमाके के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है, जबकि सेना इस बात की जांच कर रही है कि विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ.

माइन ब्लास्ट की सूचना मिलते ही सेना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. घायल दोनों जवानों को प्राथमिक सहायता देने के बाद एयरलिफ्ट के जरिए श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस हॉस्पिटल भेजा गया. वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

घायल जवानों की पहचान 42 वर्षीय दफादार विजय कुमार और 28 वर्षीय नायक शरणपा अंगारी के रूप में हुई है. दोनों 8 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात हैं और सीमावर्ती क्षेत्र में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे. सेना के अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जवानों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

जांच में जुटी सेना

अधिकारियों के मुताबिक, अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि माइन विस्फोट कैसे हुआ. सेना ने पूरे इलाके को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि विस्फोट किसी पुरानी माइन की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई अन्य कारण था.

स्वतंत्रता दिवस से पहले बढ़ी सुरक्षा

यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब जम्मू-कश्मीर में स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से ही पूरी तरह अलर्ट हैं. 15 अगस्त के मद्देनजर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए हाल ही में एक उच्चस्तरीय बैठक भी आयोजित की गई थी.

बैठक की अध्यक्षता जम्मू के डिवीजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने की, जबकि पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) भीम सेन तुती ने सह-अध्यक्षता की. इसमें प्रशासन, पुलिस और विभिन्न सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया. बैठक में सुरक्षा इंतजाम, कार्यक्रमों की तैयारियां और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई.

सीमा पर ड्रोन गतिविधियों ने भी बढ़ाई चिंता

इधर, सीमावर्ती इलाकों में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन दिखाई देने की घटनाओं ने भी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. सोमवार को सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास नंदपुर इलाके और राजौरी जिले के नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा के समीप तारकुंडी-साज क्षेत्र में संदिग्ध ड्रोन गतिविधियां देखी गई थीं.

इन घटनाओं के बाद सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया. सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की गहन जांच की ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं ड्रोन के जरिए हथियार, गोला-बारूद या नशीले पदार्थ तो नहीं गिराए गए.

सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क

हाल के दिनों में सीमा पार से ड्रोन के जरिए हथियार और मादक पदार्थ भेजने की कोशिशों के कई मामले सामने आ चुके हैं. इसी वजह से सुरक्षा बल हर संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से ले रहे हैं. उरी में हुआ माइन विस्फोट और सीमा के पास देखे गए संदिग्ध ड्रोन, दोनों घटनाओं के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने संवेदनशील इलाकों में निगरानी और गश्त बढ़ा दी है.

ये भी पढ़ें- BJP ने जारी किया नीतीश का वीडियो तो PK बोले- AI है ये

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Kanya Sumangla Mission Shakti Digital