पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर एक 26 वर्षीय युवती से दुष्कर्म के आरोपी दत्तात्रेय रामदास गाडे को पुलिस ने शुक्रवार देर रात शिरूर तहसील से गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को पुणे की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया. पुणे पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 13 टीमें गठित की थीं और उस पर एक लाख रुपये का इनाम रखा था.
पुणे पुलिस ने अदालत में आरोपी की 14 दिन की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि यह अपराध अत्यंत गंभीर है और इसमें समाज की तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. पुलिस ने तर्क दिया कि आरोपी के पास मोबाइल फोन था और उसे जब्त किया जाना जरूरी है. साथ ही आरोपी के कपड़े भी जांच के लिए लिए जाने चाहिए. पुलिस ने यह भी कहा कि यह जांचना जरूरी है कि क्या आरोपी पहले भी इस तरह के अपराधों में शामिल था और क्या उसके साथ कोई अन्य सहयोगी भी था.
आरोपी को पनाह देने वालों की जांच होगी
अदालत में सुनवाई के दौरान पुलिस ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से ही महिलाओं के खिलाफ अपराधों सहित छह मामले दर्ज हैं. पुलिस को यह भी जांच करनी है कि अपराध के बाद आरोपी को इतने दिनों तक कौन पनाह दे रहा था. अदालत ने सभी दलीलें सुनने के बाद 14 दिन की पुलिस हिरासत को मंजूरी दे दी.
आरोपी ने आत्महत्या की कोशिश की थी!
मिली जानकारी के अनुसार, 26 फरवरी की शाम आरोपी शिरूर के एक गांव में एक बुजुर्ग महिला की झोपड़ी में पानी पीने गया था, जिसके बाद से पुलिस उसे ढूंढ नहीं पाई थी. पुलिस को संदेह है कि आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए आत्महत्या का प्रयास किया था, क्योंकि उसके गले पर कुछ निशान मिले हैं. हालांकि, पुलिस अब मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.
ड्रोन और डॉग स्क्वाड से पकड़ा गया आरोपी
आरोपी गाडे एक खेत में छिपा हुआ था, जहां से उसे पकड़ने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया. पुणे पुलिस की 13 टीमों ने शिरूर तालुका के गुनात गांव में दबिश दी थी. गुरुवार देर रात करीब 12 बजे आरोपी ने एक घर का दरवाजा खटखटाया और पानी मांगा. भूख से परेशान आरोपी को जैसे ही पानी मिला, वह खाने की तलाश में आगे बढ़ा. इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे खेत से पकड़ लिया.
डीसीपी निखिल पिंगले के अनुसार, पुलिस ने इस ऑपरेशन में ड्रोन और डॉग स्क्वॉड की मदद ली. महाराष्ट्र सरकार ने भी इस मामले में आरोपी को मृत्युदंड दिलाने की कोशिश करने का आश्वासन दिया है.
आरोपी पर पहले से थे कई आपराधिक मामले
आरोपी दत्तात्रेय गाडे (37) के खिलाफ पुणे और अहिल्यानगर जिले में चोरी, डकैती और चेन स्नेचिंग समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं. वह 2019 से जमानत पर बाहर था. पुलिस ने बताया कि आरोपी आदतन अपराधी है और अधिकतर अपराध महिलाओं के खिलाफ ही किए हैं.
कैसे हुई वारदात?
घटना मंगलवार सुबह 5:45 बजे की है, जब पीड़िता पुणे के स्वारगेट बस अड्डे पर सतारा जिले के फलटण जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी. तभी आरोपी गाडे ने उसे ‘दीदी’ कहकर बातों में उलझाया और कहा कि सतारा जाने वाली बस दूसरे प्लेटफॉर्म पर खड़ी है. आरोपी उसे एक खाली ‘शिव शाही’ एसी बस में ले गया, जहां लाइटें नहीं जल रही थीं.
पीड़िता पहले तो हिचकिचाई, लेकिन आरोपी ने भरोसा दिलाया कि यह बस सतारा जाएगी. जैसे ही युवती बस में गई, आरोपी ने उसका पीछा किया और उसके साथ बलात्कार किया. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वारदात के बाद आरोपी वहां से भाग गया.
इस घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और अब मामले की जांच जारी है.
ये भी पढ़ें: सात वर्षीय नाबालिग लड़की की बलात्कार के बाद हत्या करने के मामले में फांसी की सजा
-भारत एक्सप्रेस
इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

