Bharat Express DD Free Dish

Vice Presidential Election: इंडिया गठबंधन में उपराष्ट्रपति पद के लिए मंथन तेज, एम अन्नादुरई समेत तीन नामों पर विचार, बीजेपी ने राधाकृष्णन को बनाया उम्मीदवार

Vice Presidential Election: इंडिया गठबंधन में अब तक उम्मीदवार तय नहीं हुआ है लेकिन तीन नामों पर चर्चा चल रही है.

Vice Presidential Election: इंडिया गठबंधन की चर्चाएँ

Vice Presidential Election: देश में उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. एनडीए ने पहले ही महाराष्ट्र के राज्यपाल और वरिष्ठ नेता सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार घोषित कर दिया है. वहीं विपक्षी इंडिया गठबंधन में अब तक उम्मीदवार तय नहीं हुआ है, लेकिन तीन नामों पर चर्चा चल रही है.

इंडिया गठबंधन में मंथन तेज

सूत्रों की माने तो विपक्ष की तरफ से जिन तीन नामों पर विचार हो रहा है उनमें पहला नाम है एम अन्नादुरई, जो तमिलनाडु से हैं और पूर्व ISRO वैज्ञानिक रह चुके हैं. दूसरा नाम महाराष्ट्र से है और तीसरा नाम आंध्र प्रदेश-तेलंगाना क्षेत्र से जुड़ा है. इन तीनों में से किसी एक को आज देर रात राहुल गांधी और अन्य सहयोगी दलों की बैठक के बाद फाइनल किया जा सकता है.

एम अन्नादुरई का नाम चर्चा में क्यों?

एम अन्नादुरई का नाम इसलिए चर्चा में है क्योंकि वो तमिलनाडु से आते हैं और डीएमके ने उनका नाम आगे बढ़ाया है. अगर उन्हें उम्मीदवार बनाया जाता है तो डीएमके को राज्य की जनता के बीच एक मजबूत संदेश देने का मौका मिलेगा. खासकर तब जब अगले साल तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव होने हैं.

इंडिया गठबंधन के लिए उम्मीदवार तय करना आसान?

हालांकि, इंडिया गठबंधन के लिए उम्मीदवार तय करना आसान नहीं है. गठबंधन में दर्जनभर से ज्यादा दल हैं और सभी को संतुष्ट करना किसी चुनौती से कम नहीं है. बिहार में इसी साल विधानसभा चुनाव हैं. इसलिए आरजेडी जैसे दल भी अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं ताकि उन्हें चुनावी फायदा मिल सके.

बीजेपी ने कर दिया ऐलान

उधर बीजेपी ने सीपी राधाकृष्णन को अपना उम्मीदवार बना दिया है. वो संघ से जुड़े रहे हैं, दो बार सांसद रह चुके हैं और कई राज्यों में राज्यपाल भी रहे हैं. एनडीए के ज्यादातर दल उनकी उम्मीदवारी पर सहमत हैं और 22 अगस्त को उनका नामांकन भरा जाएगा.

इसे भी पढ़ें-पंजाब कैबिनेट में फेरबदल, संजीव अरोड़ा को बिजली विभाग का मिला जिम्मा

अब देखना ये है कि विपक्ष किस नाम पर मुहर लगाता है और क्या ये मुकाबला वाकई दिलचस्प बनता है या एनडीए की राह आसान रहती है.

Also Follow Bharat Express on X

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read