Bharat Express DD Free Dish
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital
Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital

Weather: यूपी समेत 19 राज्यों में भीषण लू, बिहार-बंगाल में आंधी-तूफान की चेतावनी

देश के 19 राज्यों में लू का प्रकोप जारी है, जबकि पूर्वोत्तर में भारी बारिश और सिक्किम में भूस्खलन से 1,900 पर्यटक फंसे हैं. मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है.

Weather

Weather: पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश सहित उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के केरल तक 19 राज्य और केंद्र शासित प्रदेश भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं.

अगले दो से चार दिन इन क्षेत्रों में राहत की उम्मीद नहीं है, क्योंकि तापमान में और इजाफा होगा. दूसरी ओर, पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का दौर जारी है. सिक्किम में मूसलाधार बारिश के बाद भूस्खलन से 1,900 से अधिक पर्यटक फंस गए हैं, जिनमें से 100 को सुरक्षित निकाला गया है. पश्चिम बंगाल में शनिवार से आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है.

30 अप्रैल तक लू का प्रकोप

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा, पूर्वी मध्य प्रदेश, और महाराष्ट्र के विदर्भ में लू की स्थिति बनी हुई है. रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही. राजस्थान और पंजाब में 1 मई तक, हरियाणा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 29 अप्रैल तक लू का असर रहेगा. बिहार, झारखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, और गुजरात में 30 अप्रैल तक भीषण गर्मी की संभावना है.

पश्चिमी हिमालय में बारिश की संभावना

IMD के मुताबिक, एक पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, और उत्तराखंड में शनिवार को गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और कुछ स्थानों पर बिजली गिरने का खतरा है.

पूर्वोत्तर में सात दिन बारिश की चेतावनी

सिक्किम से दक्षिण-पश्चिम बांग्लादेश तक कम दबाव का क्षेत्र बनने से अरुणाचल प्रदेश, असम, मिजोरम सहित पूर्वोत्तर के सात राज्यों में अगले सात दिनों तक गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.

सिक्किम में भूस्खलन से संकट

सिक्किम के चुंगथांग में भारी बारिश और भूस्खलन से 1,900 पर्यटक फंसे हैं. प्रशासन ने 100 लोगों को सुरक्षित निकाला है, लेकिन 1,800 लोग अभी भी फंसे हैं. खराब मौसम के कारण बचाव कार्य में बाधा आ रही है. लाचेन और लाचुंग की बंद सड़कों को खोलने की कोशिश जारी है.

ये भी पढ़ें: चंद्रपुर में पारा 45.6 डिग्री पर पहुंचा, अमेरिकी मौसम एजेंसी ने बताया दुनिया का सबसे गर्म स्थान

-भारत एक्सप्रेस



इस तरह की अन्य खबरें पढ़ने के लिए भारत एक्सप्रेस न्यूज़ ऐप डाउनलोड करें.

Also Read


Uttar Pradesh Police Mission Shakti Digital